मंडी। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। ताजा मामला मंडी जिले से सामने आया है- जहां पुलिस टीम ने एक लड़का-लड़की से लाखों रुपये का चिट्टा बरामद किया है। पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपी हिमाचल के ही रहने वाले हैं। 

लड़का-लड़की से मिला चिट्टा

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने पुंघ फोरलेन क्षेत्र में नाका लगाया हुआ था। इस दौरान पुलिस टीम ने एक वॉल्वो बस को चेकिंग के लिए रोका। इसी बीच तलाशी के दौरान पुलिस ने एक लड़का-लड़की के कब्जे से 143.180 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख बताई जा रही है। बस में हुई इस कार्रवाई के बाद वहां मौजूद सवारियों में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: रात को खाई में गिरी कार, सुबह लगी खबर- PGI से घर लौट रहा परिवार बना काल का ग्रास

कहां से खरीदा था चिट्टा?

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सुंदरनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। शुरुआती जांच में ये पाया गया है कि ये खेप पंजाब के अमृतसर से मनाली लाई जा रही थी।

 

पुलिस कर रही पूछताछ

दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क तक पहुंचा जा सके। यदि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- HRTC में खुली व्यवस्था की पोल! बस चेकिंग के नाम पर खेल, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

आरोपियों की पहचान

  • हनीश ठाकुर (18) निवासी कुल्लू
  • अंशिता नेगी (18) निवासी मनाली

यह भी पढ़ें- हिमाचल : सिर से उठा पिता का साया, बेटी ने नहीं मानी हार- सेना में कैप्टन बन बढ़ाया मां का मान

नशे का कारोबार से बढ़ी चिंता

विदित रहे कि, इस घटना ने एक बार फिर समाज के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नशे का कारोबार अब युवाओं के साथ-साथ नाबालिगों तक भी पहुंच रहा है, जो चिंता का विषय है। विशेषज्ञों का मानना है कि परिवार, स्कूल और समाज को मिलकर बच्चों पर नजर रखने और उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है।

पुलिस का अभियान रहेगा जारी

वहीं, मंडी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर नशा तस्करी में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास नशे के कारोबार से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते ऐसे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें