#हादसा

July 28, 2026

हिमाचल: रात को खाई में गिरी कार, सुबह लगी खबर- PGI से घर लौट रहा परिवार बना काल का ग्रास

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, गांव में पसरा मातम

शेयर करें:

car deep ditch five family members pgi chandigarh returned home chamba road

चंबा। एक परिवार अपने तीन महीने के मासूम को स्वस्थ कराकर घर लौट रहा था। पीजीआई चंडीगढ़ से इलाज के बाद सभी खुश थे कि अब बच्चा जल्द ठीक हो जाएगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

परिवार के 5 लोगों की मौत

चंबा जिले के बनीखेत में सोमवार देर रात उनकी कार गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गैहरा क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और गांव में हर आंख नम है।

यह भी पढ़ें-हिमाचल : सेब सीजन में बढ़ी बागवानों की टेंशन- 900 रुपये दिहाड़ी ले रहे मजदूर, किराया भी बढ़ा

सुबह सामने आई दर्दनाक तस्वीर

हादसा सोमवार देर रात पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ के समीप हुआ। मंगलवार सुबह करीब पौने सात बजे पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।

 

हिमाचल में भारी बारिश के बीच खाई में गिरी कार, बच्चे समेत 5 लोगों की मौत

मौके पर ही हो गई थी मौत

मगर तब तक कार सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी। खाई गहरी होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा। घंटों की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

यह भी पढ़ें- CM सुक्खू नंबर-1 : उत्तर भारत के सबसे अमीर मुख्यमंत्री, आपराधिक मामलों में भी सबसे आगे

इलाज के बाद लौट रहा था परिवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार अपने तीन महीने के बच्चे को इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ लेकर गया था। बच्चे के कान की सर्जरी होनी थी। उपचार के बाद सभी लोग देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बनीखेत के लाहड़ के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और पूरा परिवार हादसे का शिकार हो गया।

 

पुलिस जवान समेत पांच लोगों की गई जान

हादसे में गैहरा पंचायत निवासी बच्चन सिंह, उनके बेटे रिपन कुमार, बहू रिम्पी, भतीजी कीर्ति राणा और तीन महीने के मासूम बच्चे की मौत हो गई। रिपन कुमार हिमाचल प्रदेश पुलिस की द्वितीय भारतीय रिजर्व बटालियन (सेकेंड आईआरबीएन) में तैनात थे। पुलिस में भर्ती होने से पहले उन्होंने होमगार्ड में भी अपनी सेवाएं दी थीं।

यह भी पढ़ें- HRTC में खुली व्यवस्था की पोल! बस चेकिंग के नाम पर खेल, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

कीर्ति के परिवार पर फिर टूटा दुखों का पहाड़

मृतकों में शामिल कीर्ति राणा चंडीगढ़ में एक निजी कंपनी में कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पहले उनके पिता की भी एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब इस हादसे ने परिवार को एक और गहरा जख्म दे दिया है।

हादसे की वजह बनी बारिश या धुंध?

घटना के समय क्षेत्र में बारिश हो रही थी। स्थानीय लोगों का मानना है कि घनी धुंध और फिसलन भी हादसे की वजह हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी एक कारण की पुष्टि नहीं की है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में पूरा परिवार खत्म : खाई में गिरी कार- दादा-दादी, माता-पिता समेत मासूम की मौ**त

आज होगा अंतिम संस्कार

पोस्टमार्टम के बाद सभी शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। ग्राम पंचायत गैहरा की प्रधान इंदू ने हादसे की पुष्टि की है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।

हादसे में जान गंवाने वाले

  • बच्चन सिंह (60) – निवासी गैहरा, पेशे से चालक
  • रिपन कुमार (30) – हिमाचल प्रदेश पुलिस की सेकेंड IRBN में तैनात
  • रिम्पी (26) – रिपन कुमार की पत्नी
  • कीर्ति राणा (23) – चंडीगढ़ में निजी कंपनी में कार्यरत
  • तीन महीने का मासूम बच्चा

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख