शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में इन दिनों बाइकर्स गैंग की खतरनाक स्टंटबाजी ने लोगों की नींद उड़ा दी है। तेज रफ्तार और लापरवाह अंदाज़ में चल रही बाइकों के कारण सड़कों पर खतरा मंडरा रहा है।
वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर 42 सेकेंड के इस वीडियो में दो बाइकर्स खतरनाक तरीके से सड़कों पर स्टंट करते हुए नजर आ रहे हैं। एक युवक बाइक चलाते हुए करतब दिखा रहा है जबकि दूसरा उसका वीडियो बना रहा है। दोनों तेज रफ्तार में चलते हुए कई बार पैदल यात्रियों और अन्य वाहनों से टकराने से बाल-बाल बचते हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो शिमला के संजौली का है और इसे लगभग पांच-छह दिन पहले शूट किया गया था।
यह भी पढ़ें: हिमाचल घूमने आए थे स्कूली बच्चे, पहाड़ों में बस की ब्रेक हुई फेल- चीखों से दहला इलाका
वीडियो में एक दृश्य ऐसा भी है जहां एक बाइक सवार चलती कार को लात मारता हुआ दिखाई देता है। वहीं एक महिला जो अपने बच्चे के साथ स्कूल से घर लौट रही थी, वह बाइक से टकराने से बाल-बाल बचती है। एक अन्य शॉट में बाइक सवार पिछले टायर पर स्कूटी को खड़ा कर स्टंट करता है और चलती बस को हाथ से छूने की कोशिश करता है।
पुलिस ने दर्ज की FIR
वीडियो सामने आने के बाद संजौली थाना पुलिस हरकत में आ गई है। SHO जसवंत सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि कुल कितने बाइकर्स इसमें शामिल थे। फिलहाल वीडियो में दो युवक स्पष्ट नजर आ रहे हैं। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
DGP ने दी सख्त हिदायत
हैरानी की बात यह है कि कुछ ही दिन पहले मंडी जिले में 22 वर्षीय युवक अनिकेत की स्टंटबाजी के दौरान मौत हो चुकी है। अनिकेत अपने दोस्तों के साथ रील बना रहा था जब उसकी बाइक किरतपुर-मनाली फोरलेन पर फिसल गई। हादसे में उसकी मौके पर ही जान चली गई थी। उसके दो साथी जो वीडियो शूट कर रहे थे, उनके खिलाफ भी पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: बरामदे में बैठ 5 औरतों ने बनाई चरस, फिर सोशल मीडिया पर डाला वीडियो- केस दर्ज
मंडी हादसे के बाद हिमाचल के डीजीपी अशोक तिवारी ने राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि हाईवे या फोरलेन पर गाड़ी रोककर रील या वीडियो बनाने वालों पर सीधी FIR दर्ज की जाए। उन्होंने पुलिस को हाईवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी तेज करने और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के आदेश दिए हैं।
दोनों बाइकर्स की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो में दिख रहे दोनों बाइकर्स की तलाश में जुट गई है। शहर के लोग भी प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि ऐसे लापरवाह बाइकर्स पर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए ताकि सड़कों पर दोबारा ऐसी हरकतें न दोहराई जाएं।
