शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आज सुबह हड़कंप मच गया। जब रोहड़ू क्षेत्र में कोर्ट परिसर और SDM कार्यालय को उड़ाने की धमकी से जुड़ा एक पोस्टर सामने आया।
कोर्ट और SDM ऑफिस को उड़ाने की धमकी
यह पोस्टर शिमला के एवर सन्नी इलाके में एक दीवार पर चिपका मिला, जिसमें आपत्तिजनक और धमकी भरे शब्द लिखे गए थे। पोस्टर में दावा किया गया कि बुधवार को रोहड़ू की अदालत और SDM ऑफिस में ऐसा धमाका होगा- जिसकी गूंज दिल्ली तक सुनाई देगी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में कैंसर मरीजों को नहीं मिल रही मुफ्त दवा : हिमकेयर-आयुष्मान कार्ड फेल- तीमारदार परेशान
पूरे इलाके में दहशत
इस संदेश के सामने आते ही पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। एहतियात के तौर पर रोहड़ू स्थित अदालत परिसर और SDM कार्यालय को खाली करवा दिया गया है।
अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाले लोगों की निगरानी की जा रही है। बताया जा रहा है कि डॉग स्क्वायड और बम निरोधक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो संदिग्ध वस्तुओं की जांच करेगी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : क्वार्टर में पुलिस ने मारी रेड, चिट्टे को बेचने की फिराक में थे तस्कर- महिला समेत 6 गिरफ्तार
पोस्टर ने मचाया हड़कंप
पोस्टर में लिखी गई भाषा ने भी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। उसमें कथित तौर पर जश्न और धमाके का जिक्र करते हुए धार्मिक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों की पुष्टि की जाएगी।
किसने लगा दिया पोस्टर?
इधर, शिमला पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टर को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पोस्टर कब और किसने लगाया। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में वृद्ध पेंशन घोटाला : 44 साल के लोग भी उठा रहे लाभ, करोड़ों का गोलमाल
अफवाहों से दूर रहने की अपील
वहीं, पहले स्कूलों और अब कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद से लोग डरे हुए हैं। ऐसे में प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। लोगों से यह भी कहा गया है कि अगर कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
