#अपराध
May 6, 2026
हिमाचल : क्वार्टर में पुलिस ने मारी रेड, चिट्टे को बेचने की फिराक में थे तस्कर- महिला समेत 6 गिरफ्तार
पुलिस ने बरामद किया ढेर सारा चिट्टा
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के पड़ोसी राज्य पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पठानकोट शहर के ‘चार मरला क्वार्टर’ इलाके में एक घर में चल रहे संदिग्ध गतिविधियों के अड्डे पर पुलिस ने छापेमारी की है।
पुलिस टीम ने 7.73 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) के साथ एक महिला समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज हो गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टीम नियमित गश्त पर थी जब उन्हें गुप्त सूचना मिली कि ‘चार मरला क्वार्टर’ के एक मकान में नशीले पदार्थों का कारोबार चल रहा है और वहां लगातार संदिग्ध लोगों की आवाजाही बनी हुई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बिना देरी किए घर को चारों तरफ से घेरकर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से 7.73 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा नशा सेवन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री- तीन सिल्वर पेपर और तीन लाइटर भी जब्त किए गए। जिससे साफ संकेत मिलता है कि यह जगह केवल सप्लाई ही नहीं बल्कि नशा करने का अड्डा भी बनी हुई थी।
इस मामले में कांगड़ा जिले के कुछ युवाओं का नाम सामने आने से हिमाचल-पंजाब के बीच नशा नेटवर्क की कड़ियों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-2, पठानकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों का यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और इसके तार किन-किन जगहों तक जुड़े हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले को केवल एक छापेमारी तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसके पीछे काम कर रहे पूरे नेटवर्क को खंगाला जाएगा।