हमरीपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने जहां अपनी मां को खो दिया- वहीं, उसके खुद के घर में कुछ ऐसा हो गया- जिसके बाद वो बिलकुल टूट चुकी है।
मां की मौत पर गई थी महिला
दरअसल, पुलिस थाना हमीरपुर के तहत रोपा क्षेत्र में चोरों ने एक सुनसान घर को निशाना बनाकर लाखों के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल : पेड़ से बाइक की जोरदार टक्कर, घर लौट रहे शख्स के निकले प्राण- सदमे में परिवार
चोरों ने किया हाथ साफ
जानकारी के अनुसार, घर की मालकिन बीते दिनों अपने मायके गई हुई थी। इसी दौरान चोरों ने घर को टोह कर वारदात को अंजाम दिया। महिला ने बताया कि 19 नवंबर, को उसकी माता का निधन हो गया था। इसी वजह से वह 27 नवंबर को रैल बड़ा क्षेत्र में स्थित अपने मायके गई थी।
खुला था घर का दरवाजा
अगले दिन 28 नवंबर को जब वह घर लौटी, तो मुख्य गेट का जालीदार दरवाजा खुला देखकर ही उसे अनहोनी का अंदेशा हो गया। भीतर जाने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और कमरों में सामान बुरी तरह अस्त-व्यस्त था। बेड पर गहनों के खाली बॉक्स फैले हुए थे और अलमारी खुली पड़ी थी-स्पष्ट था कि घर में बड़ी चोरी हुई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में चूड़धार के कपाट बंद- 4 महीने नहीं हो पाएंगे शिरगुल महाराज के दर्शन, जानें
क्या-क्या ले गए चोर?
महिला ने पुलिस को बताया कि चोर उसके घर से-
- गले का हार
- दो कंगन
- एक चेन
- दो अंगूठियां
- नथ
- एक जोड़ी झुमके
- मंगलसूत्र
- पति की दो सोने की अंगूठियां
- एक कड़ा
- माथे का टीका
- एक जोड़ी टॉक्स सोना
- तीन जोड़ी चांदी की पायल
- बेटी के गहने
- 20 हजार रुपये कैश
यह भी पढ़ें: हिमाचल में मौसम ने ली करवट, बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी; चरम पर पहुंचेगी ठंड
गहन जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। SP हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस गहनता से जांच कर रही है। क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों का कोई सुराग मिल सके।
लोगों में भय का माहौल
पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर चोरों के संभावित प्रवेश और भागने के रास्तों की जांच कर रही है। इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ने लगी है।
यह भी पढ़ें: सुक्खू सरकार को OBC समाज की चेतावनी, मांगें पूरी ना होने पर होगा विधानसभा का घेराव
सुनसान घरों को बना रहे निशाना
स्थानीय निवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है, ताकि ऐसे मामलों पर रोक लग सके। लोगों का कहना है कि चोरी की यह वारदात एक बार फिर साबित करती है कि अपराधी अब सुनसान घरों को आसानी से निशाना बना रहे हैं और लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस पर नजरें टिकी हैं कि जल्द से जल्द इस मामले का पर्दाफाश हो सके।
