शिमला। हिमाचल प्रदेश में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता को बढ़ा दिया है। अब चोर दिन दिहाड़े ही चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल की राजधानी शिमला के ढली से सामने आया है। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें एक युवक सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप के आसपास घूमता है और मौका पाकर गाड़ी में घुस जाता है। कुछ ही देर बाद वह गाड़ी से पैसों से भरा हुआ बैग लेकर फरार हो जाता है। 

शिमला में ढली सब्जी मंडी की घटना

यह घटना राजधानी शिमला के समीप स्थित ढली सब्जी मंडी की है। करीब डेढ़ लाख की चोरी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मंडी में खड़ी एक पिकअप गाड़ी से करीब 1.5 लाख रुपये की नकदी पर एक अज्ञात चोर ने हाथ साफ कर लिया। चोर की यह पूरी हरकत मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिससे उसकी योजनाबद्ध चालाकी और पेशेवर अंदाज का साफ पता चलता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में नशेड़ियों का नया जुगाड़: ऑनलाइन मंगवा रहे नशीली दवाएं, कुरियर सेंटर में मिली बड़ी खेप

सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की पूरी घटना

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी बेहद सहजता और सूझबूझ के साथ पहले छाता फोल्ड करता हुआ वाहन के पास पहुंचता है। आसपास की गतिविधियों का जायजा लेने के बाद वह सबसे पहले परिचालक की ओर से दरवाजा खोलने का प्रयास करता है, लेकिन असफल रहने पर चालक साइड से गाड़ी में घुस जाता है। मौका पाकर वह नकदी लेकर चुपचाप बाहर निकलता है और फिर बिना किसी घबराहट के मंडी परिसर से निकल जाता है। अन्य फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर ढली टनल के पास एक वाहन में बैठकर संजौली पहुंचता है, जहां से वह फरार होने के लिए बस पकड़ लेता है।

 

यह भी पढ़ें : 'हिमाचल के लिए लॉटरी अभिशाप' : धूमल-वीरभद्र दोनों ने लगाया था बैन, पूर्व CM ने बताई वजह

व्यक्ति के इलाज को देनी थी रकम

इस चोरी का शिकार बने पिकअप के मालिक भगत सिंह जो पिछले 15 वर्षों से ढली मंडी में व्यापार कर रहे हैं, ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। भगत सिंह के अनुसार चोरी हुई राशि में कुछ पैसे वह अपने किसी परिचित को देने के लिए लाए थे, जबकि बाकी रकम किसानों की सब्जियों की बिक्री से इकट्ठा की गई थी। उन्होंने बताया कि यह रकम एक जरूरतमंद व्यक्ति के इलाज के लिए आईजीएमसी में देने की योजना थी, परंतु दुर्भाग्यवश वह सहायता अधूरी रह गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सड़क बहाल कर रही JCB खाई में गिरी, ड्राइवर ने त्यागे प्राण- वीडियो देख कांप उठेगी रूह

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में इस वारदात के बाद चिंता और असुरक्षा की भावना गहराने लगी है। यह घटना अकेली नहीं है। बीते कुछ महीनों में हिमाचल प्रदेश, विशेषकर शिमला, सोलन और मंडी जैसे जिलों में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। मंदिरों, दुकानों, वाहनों और घरों में हो रही चोरियों ने आमजन की नींद उड़ा दी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।