शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। तीन दिन के भीतर हत्या की दूसरी वारदात सामने आई है। ताजा मामला रोहड़ू क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग महिला की अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।

घर में अकेली थी महिला, तभी हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला सेब के बगीचे में बने मकान में अकेली रहती थी। उनके पति अमी चंद का साल 2020 में निधन हो गया था। इसके बाद से वह अकेले ही अपना जीवन बिता रही थीं। महिला के दोनों बेटे अपने परिवारों के साथ शहरों में रहते हैं। बताया जा रहा है कि जिस समय वारदात को अंजाम दिया गया, उस वक्त महिला घर में अकेली थी। बगीचे में काम करने वाले नेपाली मजदूर भी पास बने शेड में रहते थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की खस्ता सड़कों पर लंबा जाम- HC ने चलाया डंडा, सरकार और PWD से मांगा जवाब

सुबह नहीं मिला जवाब तो हुआ शक

सुबह जब नेपाली मजदूर महिला के घर पहुंचे तो उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अंदर जाकर देखा तो महिला बेसुध हालत में पड़ी हुई थी। मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

चोरी के इरादे से हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को मौके पर चोरी होने के संकेत मिले हैं। घर में सामान बिखरा हुआ पाया गया और महिला के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने चोरी के इरादे से घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया हो सकता है। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पुल के नीचे मिली बस कंडक्टर की देह- शरीर पर चोट के निशान, 2 दिन से था लापता

शिमला से पहुंची फॉरेंसिक टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिमला से फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास के इलाके की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचने के लिए कोई सुराग मिल सके।

इलाके में डर का माहौल

बुजुर्ग महिला की हत्या की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में लोग सहमे हुए हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर चिंता है कि आखिर इस वारदात को किसने और क्यों अंजाम दिया। मृतका की पहचान गीता देवी जनारथा जिला मंडी के रुप में हुई है। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सैलून में विदेशी महिला से नीचता, मसाज के बहाने की बदसलूकी; थाने पहुंचा मामला

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें