सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से ढेर सारा चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। 

नाकाबंदी के दौरान स्विफ्ट कार से मिला चिट्टा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के कुमारहट्टी से सामने आया है। यहां पर पुलिस गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक स्विफ्ट कार में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें : बड़ी लापरवाही : कैदी को लेकर तेज रफ्तार से कार चला रहे HPP ड्राइवर ने महिला को रौंदा, मौके पर निकले प्राण

 

सूचना मिलते ही SIU की टीम ने नाकाबंदी कर कुमारहट्टी की तरफ से आ रही कार को रोका। पुलिस को देख कार सवार दोनों युवक घबरा गए। पुलिस ने शक के आधार पर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 17.92 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

आरोपियों की पहचान 

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान तनजिन गेशे नेगी (29) निवासी तहसील पूह, जिला किन्नौर और अश्वनी कुमार (29) निवासी तहसील करसोग, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से बरामद चिट्टा अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही जिस स्विफ्ट कार में यह नशीला पदार्थ लाया जा रहा था, उसे भी जब्त कर लिया गया है।

 

यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! अगले 3 दिन अपना रौद्र रूप दिखाएगी भारी बारिश, ऑरेंज अलर्ट जारी

NDPS एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

इस मामले में पुलिस थाना सदर, सोलन में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान दोनों से गहन पूछताछ करेगी।

नशे के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इसके अलावा दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि उनका पहले भी किसी नशा तस्करी के मामले से संबंध रहा है या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ में जो भी अहम जानकारी सामने आएगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।