#यूटिलिटी
July 18, 2026
सावधान हिमाचल! अगले 3 दिन अपना रौद्र रूप दिखाएगी भारी बारिश, ऑरेंज अलर्ट जारी
19 से 21 जुलाई तक सबसे ज्यादा खतरा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून अब सबसे खतरनाक दौर में पहुंचने वाला है। मौसम विभाग ने 19 से 21 जुलाई तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश की वजह से भूस्खलन, अचानक बाढ़, नदी-नालों के उफान और सड़कें बंद होने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। लोगों से अगले तीन दिन बेहद सावधानी बरतने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 19, 20 और 21 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश होने की संभावना है। खासकर कांगड़ा, मंडी, शिमला, चंबा और सिरमौर में सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। लगातार बारिश की वजह से पहाड़ी इलाकों में हालात बिगड़ सकते हैं, इसलिए लोगों को बेवजह घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल ! अगले पांच दिन भारी से भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, मौसम दिखाएगा रौद्र रूप
मौसम विभाग का कहना है कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ों से मलबा और पत्थर गिर सकते हैं। कई जगह भूस्खलन होने का खतरा है। नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं, जिससे अचानक बाढ़ आने की आशंका भी बनी हुई है। निचले इलाकों में पानी भर सकता है, सड़कों पर फिसलन बढ़ सकती है और कई रास्ते बंद होने की संभावना है। इसका असर आम लोगों की आवाजाही, खेती-बागवानी और जरूरी सेवाओं पर भी पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में हा.दसा: कार सवार 2 पुलिस कर्मियों ने पैराफिट पर बैठी सास-बहू को कु.चला; एक की मौ*त
मौसम विभाग ने लोगों से कहा है कि बारिश के दौरान नदी-नालों के पास न जाएं और भूस्खलन वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें। जहां पानी भरा हो, वहां जाने से बचें। वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें और मौसम व ट्रैफिक से जुड़े प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। अगर बहुत जरूरी काम न हो तो खराब मौसम में यात्रा करने से बचें और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें।