चंबा। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस और एसटीएफ की टीमें जगह-जगह नाकाबंदी कर नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही हैं। इसी कड़ी में ताजा मामला जिला चंबा से सामने आया है। यहां पर पुलिस ने 9 किलो से ज्यादा चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मिली गुप्त सूचना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा के चुराह उपमंडल के तीसा से सामने आया है। यहां पर पुलिस नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली। टीम ने बिना देर किए रात करीब 12:50 बजे तीसा के खखड़ी बांध साइट संपर्क मार्ग पर नाकाबंदी कर दी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : देर रात चरस बेचने निकला था युवक, ग्राहक तक पहुंचने से पहले पुलिस ने दबोचा

शक के आधार पर ली तलाशी 

इसी दौरान सामने से आ रहे एक युवक को पुलिस ने तलाशी के लिए रोका। पुलिस को देख युवक घबरा गया। शक के आधार पर युवक की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से  9 किलो 28 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। टीम ने मौके पर ही आरोपी को अरेस्ट कर लिया। आरोपी की पहचान राकेश कुमार (32) निवासी गांव मंडका, डाकघर थल्ली, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एसटीएफ नॉर्थ रेंज कांगड़ा थाने में NDPS एक्ट की धारा 20 और 25 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच ASI परमेश शर्मा कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में लगातार 3 दिन बारिश, ऊंची चोटियों पर होगी बर्फबारी- जानें मौसम अपडेट

जांच में जुटी पुलिस 

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह इतनी बड़ी मात्रा में चरस कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आरोपी के संपर्कों और नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है, ताकि इस धंधे में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।