कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। आए दिन महिलाओं से जुड़े मामले सामने आ रहे हैं। अब ताजा मामला जिला कांगड़ा के पालमपुर से सामने आया है, जहां एक सैलून में हेड मसाज करवाने पहुंची ऑस्ट्रेलियाई महिला ने कर्मचारी पर कथित तौर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घूमने आई थी हिमाचल, आराम के लिए पहुंची थी सैलून
जानकारी के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया की रहने वाली महिला हिमाचल प्रदेश घूमने आई हुई थी। वह पालमपुर के एक होटल में ठहरी हुई थी। घूमने के दौरान वह थकान दूर करने और रिलैक्स करने के लिए एक स्थानीय सैलून में हेड मसाज करवाने गई थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पुल के नीचे मिली बस कंडक्टर की देह- शरीर पर चोट के निशान, 2 दिन से था लापता
आरोप है कि मसाज के दौरान सैलून कर्मचारी ने महिला के साथ गलत व्यवहार किया। महिला ने कर्मचारी की इस हरकत का विरोध किया और तुरंत सैलून से बाहर निकल गई।
घटना के बाद सीधे पहुंची पुलिस थाने
बताया जा रहा है कि महिला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिना देरी किए पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। महिला ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए और आरोपी सैलून कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की खस्ता सड़कों पर लंबा जाम- HC ने चलाया डंडा, सरकार और PWD से मांगा जवाब
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
मामले की जांच के लिए पुलिस ने सैलून और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके अलावा पुलिस घटना से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
आरोपों की जांच के बाद होगी कार्रवाई
पालमपुर के डीएसपी सुनील राणा ने बताया कि यह मामला कुछ दिन पुराना है। विदेशी महिला की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया था। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
