सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के आंजी-रबौन क्षेत्र में एक बेहद ही दुखद घटना ने लोगों को स्तब्ध कर गिया है। यहां एक महिला ने अपनी 6 महीने की बेटी की जान लेने के बाद खुद भी फंदा लगा लिया। घटना उस समय हुई, जब महिला अपने मायके आई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और मामले की जांच शुरू कर दी है। 

पिता के घर आई थी महिला- पहले मासूम को मारा

पुलिस के अनुसार घटना बीती रात की है। महिला अपनी छह महीने की बच्ची के साथ अपने पिता के घर आई हुई थी। रात के समय उसने बच्ची को पानी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद महिला ने भी फंदा लगा लिया।

यह भी पढ़ें- आजादी के बाद भी सड़क से दूर हैं हिमाचल के ये गांव : देह पहुंचाना भी कठिन, हजारों लोग परेशान

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घरेलू विवाद की आशंका

शुरुआती तौर पर घटना के पीछे घरेलू कलह की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने अभी इसे घटना का कारण नहीं माना है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि महिला ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

यह भी पढ़ें-  हिमाचल के शौर्यन को GOOGLE में मिली नौकरी: सालाना 50 लाख का पैकेज, परिवार में खुशी

फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य

पुलिस घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर घटना की परिस्थितियों को समझने में पुलिस की मदद करेगी।

यह भी पढ़ें- CM सुक्खू की विधानसभा में 10 करोड़ का स्कैम, विजिलेंस तक पहुंची शिकायत- पूर्व सचिव पर आरोप

पुलिस ने शुरू की जांच

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन रमेश शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला अपने पिता के घर आई हुई थी और बीती रात यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि बच्ची की मौत के बाद महिला ने भी फंदा लगा लिया। पुलिस अब परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। महिला की हाल की परिस्थितियों, पारिवारिक स्थिति और घटना से पहले की गतिविधियों को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें