कांगड़ा। दिल्ली से जोगिंद्रनगर की ओर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक नशे में धुत युवक ने यात्रियों पर हमला बोल दिया। यह घटनाक्रम नैहरनपुखर बस स्टैंड के पास करीब डेढ़ घंटे तक चला, जिसमें तीन यात्रियों को मारपीट का सामना करना पड़ा। लोग घबराकर सीटें छोड़ बाहर निकल आए। घटना के बाद मौके पर पहुंची देहरा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
ऊना के पास से ही करने लगा हरकतें
बस में सवार यात्रियों के अनुसार, आरोपी युवक ने पहले ही ऊना के समीप मैहतपुर में बदतमीजी शुरू कर दी थी। वह नशे की हालत में था और सहयात्रियों से उलझ रहा था। लेकिन जब बस नैहरनपुखर पहुंची, तो उसका पारा अचानक चढ़ गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दामाद के साथ बेटी से मिलने जा रही थी महिला, खाई में गिरी कार; दोनों स्वर्ग सिधारे
दांत तक तोड़ा
जानकारी के मुताबिक हमलावर ने रानीताल निवासी दिनेश नामक यात्री पर अचानक हमला कर दिया और मारपीट के दौरान उसका एक दांत तक तोड़ डाला। दिनेश खून से लथपथ हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बीच-बचाव करने पर इच्छी निवासी को भी पीटा
बस में ही सवार इच्छी (कांगड़ा) निवासी एक अन्य युवक जब दोनों के बीच झगड़ा रोकने की कोशिश करने आगे आया, तो हमलावर ने उस पर भी हमला कर दिया। यह देख अन्य यात्री घबरा गए और डर के मारे बस से बाहर निकल गए।
यह भी पढ़ें : पर्ची फीस पर सीएम सुक्खू का यू टर्न, बोले- हमने नहीं थोपा, फिर कहां से आया आइडिया? जानें
पुलिस की फुर्ती से काबू में आया मामला
घटना की सूचना मिलते ही देहरा पुलिस की टीम नैहरनपुखर बस स्टैंड पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बैजनाथ का रहने वाला है और वह अपने भाई के साथ दिल्ली से घर लौट रहा था। पुलिस ने पीड़ित यात्रियों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
