चंबा। कई बार कुछ लोग दूसरों की मजबूरी का फायदा उठाकर इंसानियत को शर्मसार कर देते हैं। ऐसा ही एक गंभीर मामला जिला चंबा से सामने आया है। यहां पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज में काम करने वाली महिला सफाई कर्मियों ने एक ठेकेदार पर शोषण और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

ठेकेदार करता था महिला कर्मियों से दुष्कर्म 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा के पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज का है। महिला कर्मियों का आरोप है कि ठेकेदार नौकरी से हटाने की धमकी देकर लंबे समय से उनका शोषण कर रहा था। परेशान होकर पीड़ित महिलाएं गुरुवार को न्याय की गुहार लेकर जिला महिला पुलिस थाने पहुंचीं और अपनी शिकायत दर्ज करवाई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : अस्पताल जाने के लिए निकली पूजा, नहीं लौटी घर- मां को ढूंढ रहा मासूम

महिला कर्मियों ने सुनाई आपबीती

महिला पुलिस थाने में दी गई सामूहिक शिकायत में पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया कि ठेकेदार पिछले करीब दो वर्षों से उन्हें परेशान कर रहा था। महिलाओं के अनुसार, जब भी किसी कर्मचारी ने उसके गलत व्यवहार का विरोध करने की कोशिश की तो उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया। पीड़ित महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार उन्हें बार-बार नौकरी से निकालने की धमकी देता था, जिससे वे डर के माहौल में काम करने को मजबूर थीं। महिला

नौकरी जाने के डर से नहीं उठा पाईं आवाज

महिला कर्मियों ने पुलिस को बताया कि वे साधारण और गरीब परिवारों से संबंध रखती हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उनके ऊपर है और नौकरी उनके लिए बहुत जरूरी थी। महिलाओं का कहना है कि इसी मजबूरी का फायदा उठाकर आरोपी उन्हें डराता रहा। नौकरी बचाने की चिंता के कारण वे लंबे समय तक अपनी परेशानी किसी के सामने नहीं रख पाईं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में चिट्टे को लेकर बवाल: 16 पुड़िया बेची, 3 युवकों को ग्रामीणों ने बुरी तरह पी.टा

पुलिस के पास पहुंचकर मांगा न्याय

लगातार परेशानी झेलने के बाद आखिरकार महिला कर्मचारियों ने हिम्मत जुटाई और पुलिस से मदद मांगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी 

मामले की गंभीरता को देखते हुए चंबा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित महिलाओं के बयान दर्ज करने के बाद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। चंबा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला सफाई कर्मी शिकायत लेकर महिला पुलिस थाने पहुंची थीं। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें- आपदा से पहले हिमाचल तैयार...75 हजार रक्षक गांव-गांव में होंगे तैनात, संकट की घड़ी में मिलेगी मदद

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने की मांग की है।