मंडी। हिमाचल प्रदेश में नशे की खेप के साथ बार-बार पकड़े जाने के बावजूद कुछ नशा तस्कर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद भी ये लोग दोबारा उसी अवैध कारोबार में सक्रिय हो जाते हैं।
ताजा मामला मंडी जिले से सामने आया है, जहां एक आदतन नशा तस्कर, जो पहले ही छह बार पकड़ा जा चुका है, इस बार चिट्टे की भारी खेप के साथ सातवीं बार पुलिस के हत्थे चढ़ा है। इस गिरफ्तारी के बाद अब किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : वाह सुक्खू जी, मौज करा दी! मंत्री की बेटी को पहले दिया सेवा विस्तार, अब बनाया प्रिंसिपल
नाकाबंदी कर गाड़ियों की तलाशी ले रही पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी के सुंदरनगर का है। यहां पर पुलिस टीम सोमवार दोपहर को फोरलेन के अलसू चौक पर नाकाबंदी की हुई थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेंकिग की जा रही थी। इसी दौरान चंडीगढ़ की तरफ से आ रही एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया।
शक के आधार पर ली कार की तलाशी
कार में सवार दोनों युवक पुलिस को देखकर अचानक घबरा गए। पुलिस टीम ने जब उनसे कार की तलाशी लेने के लिए कहा तो वह टालमटोल करने लगे। उनकी घबराहट और संदिग्ध हरकतों को देखकर पुलिस को शक हुआ। शक के आधार पर टीम ने सख्ती से कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवकों के कब्जे से 134 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : हरियाणवी किराएदार के चक्कर में गलत फंसी युवती- शादी के बाद टॉर्चर शुरू, करवाया गंदा काम
आरोपियों की पहचान
सुरेंद्र कुमार उर्फ छींदु खुरहाल तहसील सुंदरनगर जिला मंडी
रिंकू खुरहाल तहसील सुंदरनगर जिला मंडी के रुप में हुई है।
आरोपियों पर दर्ज है पहले से केस
पुलिस के मुताबिक, यह इस साल की अब तक की सबसे बड़ी खेप थी जो सुंदरनगर में पकड़ी गई है। सुरेंद्र कुमार उर्फ छींदु पर पहले भी 6 NDPS मामले दर्ज हैं, जबकि रिंकू पर 1 मामला पहले दर्ज हो चुका है। दोनों ही आरोपी इलाके में चिट्टे की सप्लाई करते थे और इनके जरिए कई पैडलर भी काम कर रहे थे।
बड़े नेटवर्क का हो सकता है खुलासा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब इन दोनों की गिरफ्तारी से बाहरी सरगना तक पहुंचना आसान हो जाएगा। यह दोनों लंबे समय से पुलिस की निगरानी में थे क्योंकि उन्होंने इलाके के कई युवा को नशे के जाल में फंसाया हुआ था।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू 20 मार्च को पेश करेंगे चौथा बजट- कर्ज के बीच जनता को कितनी राहत, जानें
पुलिस कर रही मामले की जांच
SP मंडी विनोद कुमार ने पुष्टि की कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके बाकी साथियों और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
