#अपराध
March 3, 2026
हिमाचल : हरियाणवी किराएदार के चक्कर में गलत फंसी युवती- शादी के बाद टॉर्चर शुरू, करवाया गंदा काम
शादी के दो महीने बाद ही बदला रंग
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश की एक युवती को अपने ही किराएदार से शादी करना महंगा पड़ गया है। शादी के बाद उसके साथ ऐसा कुछ हुआ- जिसे जानने के बाद उसका परिवार गहरे सदमे में है।
वहीं, अब युवती ने पति के खिलाफ मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने के आरोप में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के नैना देवी क्षेत्र की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि उसका परिवार हरियाणा के पंचकूला के कालका में रहता है। उनके घर पर एक युवक लंबे समय से किराए पर रह रहा था।
इसी दौरान उसने नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का प्रस्ताव रखा। युवती का आरोप है कि युवक ने भरोसा जीतकर और कई बातें छिपाकर उससे विवाह कर लिया। दोनों की शादी पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर में सीमित लोगों की मौजूदगी में हुई थी। शुरुआत में सब सामान्य दिखा, लेकिन शादी के बाद हालात बदलने लगे।
युवती का कहना है कि विवाह के बाद उसे पता चला कि उसका पति विभिन्न प्रकार के नशे का आदी है। नशे की हालत में वह अक्सर झगड़ा करता और मारपीट करता था। एक बार उसने उसके सिर पर कांच का गिलास भी फोड़ दिया।
डर और सामाजिक बदनामी की आशंका के कारण वह लंबे समय तक यह बात किसी से साझा नहीं कर पाई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे बार-बार धमकाता था कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इसी डर के कारण वह मानसिक दबाव में जीती रही।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि शादी के कुछ समय बाद आरोपी ने युवती पर दबाव बनाकर उसके परिवार से पैसों की मांग शुरू कर दी। कथित तौर पर वह दहेज जैसी मांगें करता और इनकार करने पर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देता था।
युवती ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के करीब दो महीने बाद उसे चंडीगढ़ के एक फ्लैट में ले जाया गया, जहां कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की गई। इस घटना के बाद उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
मामले में हरियाणा पुलिस के तहत कालका थाने में शिकायत दर्ज की गई है। कालका थाना, पंचकूला की जांच अधिकारी सुखजिंद्र कौर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर BNS की धारा 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ और अन्य तथ्यों की पुष्टि के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पीड़िता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।