पलवल/कुल्लू। देवभूमि हिमाचल से नशे की खेप लेकर हरियाणा पहुंचे तस्करों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। ताजा मामले में पलवल की CIA (AVT) टीम ने कुल्लू जिले की रहने वाली एक महिला नशा तस्कर को भारी मात्रा में चरस के साथ दबोचा है। पकड़ी गई महिला के पास से 2 किलो से ज्यादा चरस और ड्रग मनी बरामद हुई है।
कुल्लू से पलवल तक बिछाया था जाल
गिरफ्तार महिला की पहचान हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू निवासी नारोती देवी के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हिमाचल की एक महिला भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर पलवल बस स्टैंड के पास किसी ग्राहक का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को काबू कर लिया।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू के करीबी पर दिनगदहाड़े हम*ला : पुलिस ने मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार
चेकिंग में उड़े पुलिस के होश: टेप से चिपकाई थी चरस
जब महिला पुलिसकर्मियों ने DSP की मौजूदगी में नारोती देवी की तलाशी ली तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। महिला ने पकड़े जाने के डर से चरस के पैकेट को टेप की मदद से अपने शरीर पर चिपका रखा था।
- तलाशी के दौरान कुल 2 किलो 216 ग्राम चरस मिली जिसे 9 छोटी पोटलियों में बांटा गया था।
- पुलिस ने महिला के पास से ₹6,020, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी जब्त किया है।
हिमाचल कनेक्शन की जांच शुरू
पलवल पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि कुल्लू की ये महिला चरस की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई थी और हरियाणा में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस को शक है कि इसके पीछे अंतरराज्यीय नशा तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क हो सकता है जिसके तार कुल्लू और मंडी के दुर्गम इलाकों से जुड़े हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ननिहाल रहने आए 16 वर्षीय लड़के की मौ*त, गहरे सदमे में नानी- परिवार में मातम
हाल के वर्षों में हिमाचल प्रदेश से पड़ोसी राज्यों जैसे हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में चरस की तस्करी के मामलों में भारी इजाफा देखा गया है। तस्कर अब पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए नए-नए और अजीबो-गरीब तरीके अपना रहे हैं जैसे कि शरीर पर ड्रग्स चिपकाना या निजी वाहनों के गुप्त खानों का उपयोग करना।
नशे के इस काले कारोबार ने ना केवल युवा पीढ़ी को खोखला किया है बल्कि अंतरराज्यीय सीमाओं पर सुरक्षा और निगरानी के लिए भी एक बड़ी चुनौती पेश कर दी है। पुलिस विभाग अब तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र को मजबूत कर इन गिरोहों की कमर तोड़ने की कोशिश कर रहा है।
