धर्मशाला (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से एक बेहद सनसनीखेज और परेशान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक सरकारी कॉलेज की छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में रहस्यमयी ढंग से लापता हो गई है। छात्रा की आखिरी परीक्षा खत्म होने के बाद वह हॉस्टल से घर के लिए तो निकली, लेकिन कभी अपनों के पास नहीं पहुंच पाई। इस घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्हें किसी बड़ी अनहोनी की आशंका का डर सता रहा है। मायूस परिजनों ने अब पुलिस प्रशासन से उनकी लाडली को सुरक्षित ढूंढ निकालने की गुहार लगाई है।

सामान पैक किया, शिक्षकों से कहा घर जा रही हूं

यह पूरा मामला राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज कांगड़ा से जुड़ा है। पंचरुखी के रहने वाले देश राज (पुत्र रोशन लाल) ने कांगड़ा थाना में अपनी बेटी की गुमशुदगी की आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत के मुताबिक उनकी बेटी इसी संस्थान में पढ़ाई कर रही है और बीते 22 जून को उसकी आखिरी परीक्षा समाप्त हुई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद छात्रा ने छात्रावास में अपना सामान समेटा और शिक्षकों को बताया कि वह घर जा रही है। कॉलेज से निकलने के बाद छात्रा कहां गई और उसके साथ क्या हुआ, यह अब तक रहस्य बना हुआ है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि वह अपने घर नहीं पहुंची और उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खोया वीर सपूत: श्रीनगर में तैनात था BSF जवान; दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

कॉल ड्रॉप और बंद मोबाइल ने बढ़ाई धड़कनें

जब काफी वक्त बीत जाने के बाद भी बेटी घर नहीं पहुंची, तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। उन्होंने तुरंत उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की। पहले तो घंटी बजती रही लेकिन फोन किसी ने नहीं उठाया, और कुछ समय बाद वह फोन भी पूरी तरह से बंद हो गया। बेटी से किसी भी तरह का संपर्क न हो पाने और उसका कोई सुराग न मिलने के बाद थक-हारकर परिजनों ने कांगड़ा पुलिस की शरण ली।

हाई-टेक तफ्तीश में जुटी पुलिस

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कांगड़ा पुलिस ने तुरंत गुमशुदगी का मामला दर्ज कर बड़े पैमाने पर खोज अभियान और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अब इस मामले को सुलझाने के लिए तकनीकी कड़ियों का सहारा ले रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: दो बच्चों की मां शादीशुदा प्रेमी संग हो गई फरार, मैसेज भेज कहा - अब हम कभी नहीं लौटेंगे

 क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी

इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर सिंह ने कहा कि पुलिस ने शिकायत मिलने के तुरंत बाद छात्रा की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी हैं। छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और आखिरी टावर लोकेशन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने के लिए संबंधित एजेंसियों से पत्राचार किया गया है। जल्द ही इस मामले में कोई सुराग हाथ लगने की उम्मीद है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक और म*र्डर: गला रे.त कर मौ*त के घाट उतारा 45 वर्षीय लोहार; पुलिस जांच में जुटी

सोशल मीडिया ऑनलाइन दोस्ती से बढ़ रहे मामले

कांगड़ा की यह घटना कोई इकलौती वारदात नहीं है। आज के इस डिजिटल, सोशल मीडिया और इंटरनेट के आधुनिक ज़माने में हिमाचल प्रदेश में आए दिन महिलाओं, युवतियों और कॉलेज जाने वाली छात्राओं के अचानक लापता होने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। अक्सर देखने में आता है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम या अन्य डेटिंग ऐप्स पर अनजान लोगों से हुई 'ऑनलाइन दोस्ती' के झांसे में आकर कई बार युवा लड़कियां बिना सोचे-समझे बड़े कदम उठा लेती हैं या फिर किसी बड़ी साजिश का शिकार हो जाती हैं। बिना सोचे-समझे किया गया यह भरोसा कई बार परिवारों को कभी न भूलने वाला दर्द दे जाता है। 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।