कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। खुडियां क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के अचानक लापता होने से परिवार पहले ही परेशान था, लेकिन  उनकी तलाश का अंत बेहद दर्दनाक तरीके से हुआ। महिला का शव पुल के नीचे बरामद होने की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घर से बहन के घर जाने के लिए निकली थीं

खुडियां क्षेत्र के बारीकलां गांव की 78 वर्षीय सत्या देवी बुधवार को घर से अपनी बहन के घर मरूहूं जाने के लिए निकली थीं। लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के ऐतिहासिक दशहरा उत्सव की तैयारियां शुरू, 347 देवी-देवताओं को भेजे निमंत्रण

बस से पुड़वा पहुंची थीं सत्या देवी

जानकारी के मुताबिक सत्या देवी, पत्नी अटली राम, बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थीं। वह बस से पुड़वा पहुंचीं। यहां बैंक के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में उन्हें पैदल जाते हुए देखा गया। इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला।

पुल के नीचे मिला महिला का शव

काफी तलाश करने के बाद जब सत्या देवी का पता नहीं चला तो परिजनों ने खुडियां पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने भी महिला की तलाश शुरू कर दी। बुधवार दोपहर बाद भेडू महादेव पुल से करीब 100 मीटर नीचे पानी और पत्थरों के बीच सत्या देवी का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : गौशाला में घुसा आवारा सांड, 35 वर्षीय शख्स को सींग से उठाकर पटका- थमीं सांसें

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से शव की पहचान करवाई। पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला पुल के नीचे कैसे पहुंचीं, इसकी जांच की जा रही है।