कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कुठमां गांव में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चोरों ने महज 20 मिनट के अंदर एक घर से करीब 5 लाख रुपये की सोने की दो चेन चोरी कर लीं। घटना के बाद पूरे इलाके में लोगों के बीच डर का माहौल है।
खाना खाने गए थे परिवार के लोग
जानकारी के मुताबिक कुठमां के वार्ड नंबर-3 में रहने वाले सुभाष पुत्र किशोरी लाल का परिवार सोमवार शाम घर से लगी रसोई में खाना खाने गया था। परिवार के सभी लोग करीब 20 मिनट तक रसोई में रहे। जब वे वापस मुख्य घर में पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा हुआ था।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में एक और ह**त्या, बहन से मिलने आया था उसका शादीशुदा प्रेमी; भाई ले छीन ली सांसें
घर से गायब मिलीं सोने की दो चेन
परिवार ने जब घर की जांच की तो पता चला कि वहां रखी सोने की दो चेन गायब थीं। इन दोनों चेन की बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। चोर इतनी तेजी से वारदात को अंजाम देकर वहां से निकल गए कि परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी।
पहले से नजर रख रहे थे चोर?
जिस तरह से चोरी की घटना हुई है, उससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की होगी। उन्हें शायद यह पता था कि परिवार कुछ समय के लिए रसोई में जाता है। इसी मौके का फायदा उठाकर उन्होंने घर में घुसकर चोरी कर ली।
यह भी पढ़ें- सदन में सुक्खू-जयराम आमने-सामने : CM बोले- धमकाना बंद करें, देवी-देवताओं ने बचाई मेरी कुर्सी
पुलिस के मौके पर न पहुंचने पर उठे सवाल
चोरी का पता चलते ही पीड़ित परिवार ने गगल पुलिस थाने को इसकी सूचना दी। हालांकि, परिवार का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसे लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
लोगों ने बढ़ाई पुलिस गश्त की मांग
घटना के बाद से कुठमां और आसपास के इलाके के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : साफ मौसम में दरका पहाड़- रास्ते में फंसी कई गाड़ियां, मलबे का सैलाब देख सहमे लोग
आरोपियों को जल्द पकड़ने का दावा
वहीं, पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना को अंजाम देने वालों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी है और जल्द ही मामले को सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
