#राजनीति
August 25, 2026
सदन में सुक्खू-जयराम आमने-सामने : CM बोले- धमकाना बंद करें, देवी-देवताओं ने बचाई मेरी कुर्सी
CM ने कहा कि करीब 40 साल के राजनीतिक संघर्ष के बाद वह इस पद तक पहुंचे हैं
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र जारी है। तीसरे दिन स्वास्थ व्यवस्था पर चर्चा के दौरान सदन का माहौल उस वक्त गरमा गया- जब CM सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच तीखा सियासी वार-पलटवार देखने को मिला।
जयराम ठाकुर के बयान पर पलटवार करते हुए CM सुक्खू ने उन पर कई आरोप लगाए और कहा कि नेता प्रतिपक्ष अब धमकाने भी लगे हैं। CM ने साफ किया कि भष्टाचार के खिलाफ उनकी सरकार की लड़ाई जारी रहेगी और किसी दबाव के कारण वे अब पीछे नहीं हटने वाले।
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सदन में नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जयराम ठाकुर इन दिनों तनाव में हैं। उन्होंने कहा कि तनाव की स्थिति ऐसी हो गई है कि नेता प्रतिपक्ष धमकी देने की भाषा तक पहुंच गए हैं।
CM ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी सरकार की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने जयराम ठाकुर को धमकाने की राजनीति से दूर रहने की नसीहत देते हुए कहा कि सरकार सही दिशा में काम कर रही है और किसी भी दबाव में पीछे नहीं हटेगी।
CM सुक्खू यहीं नहीं रुके। उन्होंने जयराम ठाकुर के आसपास मौजूद लोगों और सोशल मीडिया टीम पर भी तंज कसा। CM ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष सोशल मीडिया पर चल रही खबरों और रीलों के प्रभाव में आ गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यालय दीपकमल में बैठकर सोशल मीडिया के जरिए तैयार की जा रही खबरें जयराम ठाकुर को गुमराह कर रही हैं। सुक्खू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के आसपास बैठे लोग उन्हें सही जानकारी देने के बजाय ऐसी बातें बता रहे हैं, जिससे उनका नुकसान हो रहा है। CM ने यहां तक कहा कि जयराम ठाकुर को यह पहचानना चाहिए कि उनके आसपास रहने वाले लोग वास्तव में उनके हितैषी हैं या नहीं।
जयराम ठाकुर के उस बयान का भी CM ने जवाब दिया, जिसमें उन्होंने सुक्खू के लिए खुद खड्डा खोदने जैसी बात कही थी। सुक्खू ने पलटवार करते हुए कहा कि उनके राजनीतिक विरोधियों ने उनके रास्ते में कई मुश्किलें खड़ी कीं और उन्हें रोकने के लिए खाइयां खोदी गईं। मगर जनता और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से वह CM की कुर्सी तक पहुंचे।
CM सुक्खू ने कहा कि करीब 40 साल के राजनीतिक संघर्ष के बाद वह इस पद तक पहुंचे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी नीयत साफ है और वह प्रदेश के हित में काम कर रहे हैं।
विधानसभा में चर्चा की शुरुआत प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर हुई थी, लेकिन बहस आगे बढ़ते-बढ़ते सीधे सत्ता पक्ष और विपक्ष के शीर्ष नेताओं के बीच सियासी टकराव में बदल गई।
एक तरफ जयराम ठाकुर सरकार पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। वहीं CM सुक्खू विपक्ष के आरोपों का सीधे जवाब देते हुए सरकार की कार्यशैली और अपने राजनीतिक संघर्ष का बचाव कर रहे हैं। ऐसे में मानसून सत्र के आगामी दिनों में भी दोनों पक्षों के बीच टकराव और बढ़ने के आसार हैं।