कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में आए दिन आपराधिक घटनाएं बढ़ती हुई रिपोर्ट की जा रही हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला प्रदेश के जिला कांगड़ा से सामने आया है। यहाँ शाहपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मंडी-पठानकोट फोरलेन पर पुहाड़ा के पास खोली खड्ड पर बने पुल के नीचे एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने के बाद लोग सड़क पर उतर गए हैं।

बीती रात फोन पर घरवालों से हुई थी बात

दरअसल, परिजनों ने बताया कि, बीती रात को फोन पर उसकी घर वालों से बातचीत भी हुई थी। उन्होंने बताया था कि वह गलत जगह उतर गए हैं और अब पैदल ही घर की ओर निकल रहा है। इसके बाद परिवार उनसे संपर्क नहीं कर पाया। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें : डिलीवरी के बाद बिगड़ी महिली की तबीयत, नर्स बोली- ड्रामा कर रही है, हुई मौ.त

मगर अगली सुबह स्थानीय लोगों ने फोरलेन पुल के नीचे खड्ड में एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार व्यक्ति लगभग 80 फीट गहरी खड्ड में गिरा था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि परिस्थितियां ऐसी हैं कि परिवार और ग्रामीण इसे सामान्य दुर्घटना मानने को तैयार नहीं हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटना को महज हादसा मानने से इनकार करते हुए इसकी निष्पक्ष और गहन जांच की मांग उठाई है।

गलती से दो किलोमीटर उतरा पीछे

मृतक की पहचान शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के रेहलू स्थित किला गांव निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। पवन कुमार पेशे से राजमिस्त्री थे और काम के सिलसिले में चंबा क्षेत्र गए हुए थे। बताया जा रहा है कि वह चंबा से लौटते समय बस में सवार होकर घर आ रहे थे। उन्हें शाहपुर उतरना था, लेकिन गलती से वह शाहपुर से करीब दो किलोमीटर आगे पुहाड़ा में उतर गए।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में स्कूल प्रिंसिपल की क्रूरता- होमवर्क न करने पर छात्र को पी.टा, नीला पड़ा शरीर

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने फोरलेन मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह पता लगाया जाए कि यह हादसा था या फिर इसके पीछे कोई साजिश छिपी है।

तकनीकी साक्ष्यों की जांच करने की मांग

परिजनों का कहना है कि पवन कुमार का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह सामान्य रूप से घर लौट रहे थे। ऐसे में अचानक उनकी मौत कई सवाल खड़े कर रही है। लोगों ने पुलिस से मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- कसोल के जंगलों में रेव पार्टियों से हाईकोर्ट नाराज : SP और SDM की कर दी ट्रांसफर

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।