कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बैजनाथ उपमंडल में सोमवार को एक सेवानिवृत्त CISF अधिकारी की घर के भीतर गोली लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

CISF अधिकारी ने की आत्महत्या

प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट, लाइसेंसी बंदूक और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : सेब सीजन में बढ़ी बागवानों की टेंशन- 900 रुपये दिहाड़ी ले रहे मजदूर, किराया भी बढ़ा

पंचायत प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार कुकैना पंचायत के प्रधान ने सूचना दी थी कि गांव निवासी और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक सुरेंद्र पाल अपने घर में घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कमरे के भीतर उनका शव मिला। घटनास्थल पर लाइसेंसी 12 बोर DBBLबंदूक भी बरामद हुई।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) धर्मशाला की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने हथियार, शस्त्र लाइसेंस, रक्त के नमूने और अन्य सामग्री कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित रख ली है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में भारी बारिश से मचा हाहाकार : घरों में घुसा मलबा, कई गाड़ियां फ्लैश फ्लड में बहीं

सुसाइड नोट में किसी को नहीं ठहराया जिम्मेदार

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला। पुलिस के अनुसार नोट में सुरेंद्र पाल ने अपनी इच्छा से जीवन समाप्त करने की बात लिखी है और अपनी मौत के लिए किसी भी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। पुलिस इस नोट की भी जांच कर रही है।

पत्नी ने बताई यह बात

मृतक की पत्नी सुभद्रा देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति लंबे समय से विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और अवसाद से जूझ रहे थे। उन्होंने भी किसी व्यक्ति पर किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में भारी बारिश से मचा हाहाकार : घरों में घुसा मलबा, कई गाड़ियां फ्लैश फ्लड में बहीं

पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा भेज दिया है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें