बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। आए दिन पुलिस बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों को गिरफ्तार कर रही है, लेकिन इसके बावजूद तस्कर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला बिलासपुर जिले से सामने आया है, यहां पर पुलिस ने HRTC बस से लाखों के नशे के साथ तीन तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
नाकाबंदी के दौरान मिली बड़ी सफलता
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम (एसडीटी) ने 27 जुलाई को स्वारघाट क्षेत्र में आरटीओ बैरियर के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान वहां से गुजरने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही थी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल: रात को खाई में गिरी कार, सुबह लगी खबर- PGI से घर लौट रहा परिवार बना काल का ग्रास
इसी बीच दिल्ली से लेह जा रही एचआरटीसी बस को भी जांच के लिए रोका गया। पुलिस ने बस में सवार यात्रियों की तलाशी ली तो तीन लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब उनकी गहन जांच की गई तो उनके कब्जे से कुल 27.60 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
तीनों आरोपियों को मौके पर किया गिरफ्तार
चिट्टा बरामद होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें- HRTC में खुली व्यवस्था की पोल! बस चेकिंग के नाम पर खेल, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी सुनील, अनिल राठी और कुल्लू जिले के नीरत सिंह पुत्र हीरू राम के रूप में हुई है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कहां से आया चिट्टा, किसे होनी थी सप्लाई?
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि तीनों आरोपी किसी अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से खरीदा गया था और इसकी सप्लाई किस इलाके में की जानी थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : सिर से उठा पिता का साया, बेटी ने नहीं मानी हार- सेना में कैप्टन बन बढ़ाया मां का मान
एक आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह लंबे समय से नशे के कारोबार से जुड़ा है या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तीनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। नशे के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- HRTC में खुली व्यवस्था की पोल! बस चेकिंग के नाम पर खेल, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
बिलासपुर पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। लोगों के सहयोग और पुलिस की सतर्कता से ही प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।
