हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक सनसनीखेज और बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के बीच हुई मामूली कहासुनी ने ऐसा भयावह मोड़ ले लिया कि खुशियों से भरा एक परिवार पलभर में बिखर गया। रात के समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी कमरे से बाहर चली गई, लेकिन जब वह कुछ देर बाद वापस लौटी तो उसके सामने ऐसा मंजर था, जिसे देखकर उसकी चीख निकल गई। कमरे के भीतर उसके पति का शव फंदे से लटका हुआ था।

किराए के कमरे में रह रहा था दंपती

मामला हमीरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत डिडवीं इलाके का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान चरणजीत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मंडी जिले के धर्मपुर उपमंडल के लगहेड़ क्षेत्र का निवासी था। वह पिछले कुछ महीनों से अपनी पत्नी के साथ डिडवीं में किराए के कमरे में रह रहा था और सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पेपर मिल की रोलिंग मशीन में फंस गया कर्मचारी, परिवार ने खो दिया इकलौता सहारा

रात की बहस ने ले लिया दर्दनाक मोड़

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर पत्नी कमरे से बाहर निकल गई। बताया जा रहा है कि उस समय किसी ने भी नहीं सोचा था कि यह मामूली विवाद इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा। कुछ समय बाद जब पत्नी वापस कमरे में पहुंची तो अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। उसका पति कमरे में फंदे से लटका हुआ था। यह नजारा देखते ही वह बुरी तरह घबरा गई और जोर-जोर से चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग और मकान मालिक मौके पर पहुंचे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

 

यह भी पढ़ें : कार्यकाल के अंतिम वर्ष में सुक्खू कैबिनेट में होगा फेरबदल!, एक मंत्री भी बनेगा; रजनी पाटिल ने दिए संकेत

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों को एकत्रित कर जांच शुरू कर दी गई है।

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके बयान भी जांच का हिस्सा बनाए जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में टीचरों की डबल ड्यूटी: पहले स्कूल में पढ़ाना होगा, फिर जनगणना का भी जिम्मा

नशे की हालत में होने की भी आशंका

सूत्रों के अनुसार यह आशंका भी जताई जा रही है कि घटना के समय मृतक नशे की हालत में हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल पुलिस रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खोया एक और वीर सपूत: CRPF जवान दीप चंद का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

एक पल में बिखर गईं खुशियां

जिस घर में कुछ समय पहले तक सामान्य जीवन चल रहा था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। एक छोटी सी बहस के बाद सामने आई इस दर्दनाक घटना ने न केवल एक व्यक्ति की जान ले ली, बल्कि पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पत्नी के लिए यह हादसा किसी बड़े आघात से कम नहीं है, जिसने कुछ ही पलों में अपना जीवनसाथी खो दिया।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें