#हादसा

July 4, 2026

हिमाचल: पेपर मिल की रोलिंग मशीन में फंस गया कर्मचारी, परिवार ने खो दिया इकलौता सहारा

ड्यूटी के दौरान हुआ बड़ा हादसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

शेयर करें:

Sansarpur Terrace

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संसारपुर टैरेस औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक पेपर उद्योग में काम कर रहे कर्मचारी की मशीन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कर्मचारी रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी निभा रहा था, लेकिन कुछ ही पलों में एक मामूली तकनीकी समस्या उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गई। हादसे के बाद उद्योग परिसर में शोक और सन्नाटे का माहौल है, जबकि मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मशीन में फंसा कागज निकालना पड़ा भारी

जानकारी के अनुसार संसारपुर टैरेस स्थित जसर पेपर मिल प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत 50 वर्षीय कीर्ति सिंह अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान पेपर रोलिंग मशीन में अचानक कागज फंस गया। उत्पादन प्रक्रिया को सुचारु रखने के लिए वह मशीन में फंसे कागज को निकालने का प्रयास करने लगा। बताया जाता है कि जैसे ही उसने कागज को खींचने की कोशिश की, उसका हाथ मशीन में फंस गया।

 

यह भी पढ़ें : कार्यकाल के अंतिम वर्ष में सुक्खू कैबिनेट में होगा फेरबदल!, एक मंत्री भी बनेगा; रजनी पाटिल ने दिए संकेत

पलक झपकते ही मशीन ने खींच लिया अंदर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हाथ फंसते ही मशीन ने कर्मचारी को अपनी ओर खींचना शुरू कर दिया। आसपास मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और मदद के लिए चीख-पुकार शुरू हो गई। इस दौरान वहां मौजूद एक अन्य कर्मचारी ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत मशीन बंद कर दी, लेकिन तब तक कीर्ति सिंह गंभीर रूप से घायल हो चुका था।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हार गया जिंदगी की जंग

घटना के तुरंत बाद घायल कर्मचारी को साथियों की मदद से उपचार के लिए बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौत की खबर मिलते ही उद्योग परिसर में मातम छा गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में टीचरों की डबल ड्यूटी: पहले स्कूल में पढ़ाना होगा, फिर जनगणना का भी जिम्मा

उत्तराखंड का रहने वाला था मृतक

मृतक की पहचान कीर्ति सिंह पुत्र कोतवाल सिंह निवासी गांव कंदेरी, जिला चमोली (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। वह रोजगार के सिलसिले में लंबे समय से क्षेत्र में कार्यरत था। उसके निधन की सूचना परिजनों को दे दी गई है। परिवार के सदस्यों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंपा जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खोया एक और वीर सपूत: CRPF जवान दीप चंद का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी डाडा सीबा राज कुमार और संसारपुर टैरेस थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच शुरू की। वहीं नूरपुर से पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और हादसे के कारणों की पड़ताल की।

 

यह भी पढ़ें : मंत्री जगत नेगी और निगम भंडारी विवाद में विक्रमादित्य की एंट्री- एक पोस्ट ने बढ़ाई सियासी हलचल

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मशीन में फंसे कागज को निकालने के दौरान कर्मचारी हादसे का शिकार हुआ। हालांकि, पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर यह भी देखा जाएगा कि सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

औद्योगिक सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मशीनों के साथ काम करने वाले श्रमिकों के लिए सुरक्षा उपायों और नियमित निगरानी की आवश्यकता पर विशेषज्ञ लगातार जोर देते रहे हैं। ऐसे हादसे न केवल एक परिवार की खुशियां छीन लेते हैं, बल्कि कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को भी उजागर करते हैं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रोजगार की तलाश में घर से दूर रहकर मेहनत करने वाले कीर्ति सिंह की अचानक मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, घर में मातम छा गया। परिवार के लिए यह खबर किसी बड़े आघात से कम नहीं है।'

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख