#अपराध
September 30, 2026
गर्ल्स हॉस्टल में घुसा युवक, लैपटॉप, कैश और मोबाइल चुराए; IIT मंडी का I-CARD बरामद
पूछताछ में दोनों हॉस्टल में चोरी की बात सामने आई
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के गर्ल्स हॉस्टल हॉस्टल में एक बाहरी युवक के घुसने से हड़कंप मच गया। युवक ने छात्रों के कमरों से पैसे चोरी किए। हॉस्टल में घूमते समय युवक को कर्मचारी ने पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार 29 सितंबर को दोपहर करीब 3:10 बजे हॉस्टल कर्मचारी गुरभाग सिंह और मैस मैनेजर तेज कुमार हॉस्टल में देखरेख कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कमरा नंबर G-54 के पास एक युवक को कमरे से बाहर निकलते देखा। युवक से नाम और पता पूछा गया, लेकिन वह कोई सही जवाब नहीं दे पाया।
कर्मचारी युवक को MMCA कार्यालय ले गए। वहां पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम आदित्य चौधरी 48, ब्लॉक-ई, ओम विहार, फेज-5, उत्तम नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई उसने खुद को IIT मंडी का छात्र बताया। इसके बाद सहायक वार्डन डॉ. नीरज धीमान ने भी उससे पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आदित्य ने हिमगिरि के साथ-साथ उदयगिरि हॉस्टल में भी छात्रों के कमरों से पैसे चोरी करने की बात स्वीकार की। इसी दौरान तीन-चार छात्र भी वहां पहुंचे और उन्होंने अपने कमरों से पैसे चोरी होने की शिकायत की।
युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 21,510 रुपये नकद मिले। इसके अलावा दो ATM कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, IIT मंडी का पहचान पत्र, काले रंग का Redmi मोबाइल फोन, HRTC बस टिकट, Acer का लैपटॉप और एक पिट्ठू बैग भी बरामद किया गया।
गुरभाग सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह NIT हमीरपुर के हिमगिरि हॉस्टल में कर्मचारी के तौर पर काम करता है। 29 सितंबर को वह अपने साथी तेज कुमार के साथ हॉस्टल का निरीक्षण कर रहा था। इसी दौरान उन्हें युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया।
मामले को लेकर पुलिस थाना सदर हमीरपुर में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब युवक से पूछताछ कर रही है और दोनों हॉस्टल में हुई चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक युवक के पास से बरामद सामान और छात्रों की शिकायतों को जांच में शामिल किया जा रहा है। मामले की पुष्टि एसपी बलबीर सिंह ने की है।