#अपराध
September 30, 2026
हिमाचल : दूध वाले ने रिश्तेदार संग मिल महिला को दरिया में फेंका, नहीं चुका पा रहा था उधार
महिला के बेटे ने पुलिस के सामने किए कई खुलासे
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के पड़ोसी राज्य पंजाब के पठानकोट में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चक्की दरिया में महिला की लाश मिली है- जिसकी कथित तौर पर दो लोगों ने हत्या कर दी।
मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि दोनों ने महिला को किसी बहाने से घर से बाहर बुलाया, उसके साथ मारपीट की और हत्या करने के बाद शव को हिमाचल प्रदेश की सीमा में चक्की दरिया में फेंक दिया।
मृतका की पहचान किरण के रूप में हुई है। मामले की जांच थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस कर रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में एक व्यक्ति हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है। दोनों से पूछताछ कर हत्या से जुड़े घटनाक्रम और शव को ठिकाने लगाने की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतका के बेटे संदीप सिंह ने बताया कि उसकी मां किरण 8 सितंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे बिना किसी को बताए घर से बाहर चली गई थीं। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटीं तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की।
परिजनों ने आसपास के इलाकों के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों से भी महिला के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने थाना डिवीजन नंबर-2 में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
परिजन महिला की तलाश कर ही रहे थे कि अगले दिन उन्हें हिमाचल प्रदेश के डमटाल थाना क्षेत्र में चक्की दरिया से एक महिला का शव बरामद होने की जानकारी मिली।
9 सितंबर को डमटाल पुलिस चौकी के नजदीक चक्की दरिया से एक महिला का शव बरामद किया गया था। जानकारी मिलने पर संदीप सिंह डमटाल पहुंचे। वहां उपलब्ध तस्वीरों और अन्य पहचान संबंधी साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने शव की पहचान अपनी मां किरण के रूप में की। इसके बाद मामला हत्या की दिशा में आगे बढ़ा और पठानकोट पुलिस ने महिला की गुमशुदगी तथा शव बरामद होने की परिस्थितियों को जोड़कर जांच शुरू की।
शिकायतकर्ता संदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि अशरफ अली- जो मूल रूप से गुरदासपुर भाइयां का रहने वाला है और वर्तमान में पठानकोट के त्रेहटी हरियाला में रह रहा था ने उसकी मां किरण से एक लाख रुपये उधार लिए थे।
परिवार का आरोप है कि किरण जब अपनी रकम वापस मांगती थीं तो कथित तौर पर उन्हें पैसे लौटाने के बजाय धमकियां दी जाती थीं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि अशरफ अली अपने रिश्तेदार बशीर दीन के माध्यम से महिला को डराता-धमकाता था। हालांकि, इन आरोपों और घटना के पूरे क्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
संदीप सिंह की शिकायत के अनुसार, उधार की रकम वापस करने से बचने के लिए अशरफ अली और बशीर दीन ने कथित तौर पर महिला की हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि 8 सितंबर को दोनों ने किरण को किसी बहाने से घर से बाहर बुलाया।
शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद महिला पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर शव को चक्की दरिया में फेंक दिया, ताकि वारदात का पता न चल सके।
मामले में पुलिस ने अशरफ अली और बशीर दीन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि-
पुलिस ने 29 सितंबर की रात हत्या के मामले में BNS की धारा 103(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। शिकायत में पुराने भारतीय दंड संहिता के तहत धारा 302 और 34 का भी उल्लेख किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।