#अपराध
October 1, 2026
हिमाचल में युवक की करतूत : खेत में बंधी पड़ोसी की गाय को सोशल मीडिया पर बेचा, हुआ अरेस्ट
युवक ने 15 हजार रुपये में बेच दी पड़ोसी की गाय
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से पशु चोरी का एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर पड़ोसी की दुधारू गाय चोरी कर उसे सोशल मीडिया के माध्यम से बेचने का आरोप है।
मामला आलमपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले गंदड़ गांव का है। मामला उजागर होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार, गंदड़ गांव निवासी अमित शर्मा ने बीती 25 सितंबर, शुक्रवार को रोज की तरह अपनी दुधारू गाय को घर के पास खेत में चरने के लिए बांधा था। उस समय गाय खेत में मौजूद थी। परिवार के लोग अपने अन्य कामों में व्यस्त थे।
शाम के समय जब अमित शर्मा ने खेत की ओर जाकर देखा तो वहां गाय नहीं थी। पहले परिवार को लगा कि शायद गाय रस्सी छुड़ाकर आसपास के इलाके में चली गई होगी। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों ने गांव तथा आसपास के क्षेत्रों में गाय की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद भी गाय का कोई पता नहीं चला।
परिवार ने करीब दो दिन तक अपने स्तर पर गाय को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए 27 सितंबर, रविवार को आलमपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम हमीरपुर क्षेत्र तक पहुंची और गाय को बरामद कर लिया। गाय की पहचान उसके मालिक अमित शर्मा ने की। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए पुलिस ने गाय को उसके वास्तविक मालिक को वापस सौंप दिया। गाय के सकुशल वापस मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह था कि गाय खेत से किसने उठाई और उसे हमीरपुर तक कैसे पहुंचाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने हमीरपुर के ताल निवासी टैंपो चालक विशाल और बंटी को पकड़ा। दोनों से गाय को लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने यह गाय 15 हजार रुपये में खरीदी थी।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि गाय की खरीद-बिक्री का संपर्क सोशल मीडिया के माध्यम से हुआ था। आरोप है कि गाय बेचने वाले राज ऋषि ने सोशल मीडिया के जरिए दोनों से संपर्क किया और इसके बाद गाय को बेचने का सौदा तय किया गया। पुलिस ने इस जानकारी को आगे की जांच से जोड़ा और राज ऋषि उर्फ रिशू तक पहुंची। पूछताछ तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने स्थानीय निवासी रिशू को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है चोरी की गई गाय को रिशू ने करीब 15 हजार रुपये में बेचा गया था। पुलिस ने बिक्री की रकम में से 6 हजार रुपये नकद बरामद कर लिएए हैं। अब पुलिस शेष 9 हजार रुपये की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
मामले में अब पुलिस द्वारा ये पता लगाया जा रहा है कि-
यह भी पढ़ें- मेजर मनकोटिया की सैन्य सम्मान के साथ होगी अंतिम विदाई : बेटा-बेटी विदेश में, हो रहा इंतजार
मामले की पुष्टि करते हुए DSP बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। आरोपी का पूरा रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है- ताकि पता लगाया जा सके आरोपी पशु तस्करी के किसी नेटवर्क का हिस्सा है या नहीं।