बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक लापता युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव हिमाचल-पंजाब सीमा के पास स्थित टोल प्लाजा ग्रामोड़ा और एंट्री टैक्स टोल बैरियर के नजदीक एक खाई में झाड़ियों के बीच पड़ा मिला। जहां सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
घर से मोहाली जाने के लिए निकला था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, युवक 11 मार्च को अपने घर से मोहाली जाने के लिए निकला था, लेकिन उसके बाद से परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया। जब कई दिनों तक युवक का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने 13 मार्च को घुमारवीं पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
यह भी पढ़ें : अब मुफ्त नहीं होगा स्कूल का सफर: हिमाचल में छात्र बस पास के नाम पर वसूले जाएंगे करोड़ों रुपये
इसी बीच शनिवार दोपहर स्वारघाट पुलिस को सूचना मिली कि गर बघेरी लिंक रोड के पास सड़क से नीचे खाई में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
महज 21 साल का था आनंद शर्मा
मृतक की पहचान 21 वर्षीय आनंद शर्मा पुत्र जीतराम उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है, जो घुमारवीं क्षेत्र के गांव हिमर का रहने वाला था। जांच के दौरान सड़क किनारे एक स्कूटी भी खड़ी मिली, जिसे मृतक युवक की बताया जा रहा है। शव गहरी खाई में झाड़ियों के बीच फंसा हुआ था, जिसके कारण उसे बाहर निकालना काफी मुश्किल हो गया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार पर भड़के जयराम : बोले- विजिलैंस को RTI से बाहर कर भ्रष्टाचार छिपाने की कर रहे कोशिश
बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला गया। घटनास्थल तक पहुंचने के लिए रास्ता न होने और झाड़ियों के घने होने के कारण पुलिस टीम और परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शव को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही है गहनता से जांच
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
