कुल्लू। शांत वादियों और पर्यटन के लिए दुनिया भर में मशहूर हिमाचल प्रदेश अब बाहरी राज्यों के अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है। बीते कुछ वर्षों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें दूसरे राज्यों में बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाश हिमाचल के दूरदराज इलाकों में आकर छिपते पाए गए हैं।

 

ताजा मामला कुल्लू जिले से सामने आया है, जहां हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक ऐसे इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ तीन जिलों में 22 से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं आरोपी के पास से पुलिस को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस भी मिले हैं।

कुल्लू  में छिपा था 20 हजार इनामी बदमाश

पुलिस सूत्रों के अनुसार लंबे समय से फरार चल रहा हरकेश उर्फ टिंकू नामक आरोपी हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में छिपा हुआ था। आरोपी पर हरियाणा पुलिस ने 20 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित कर रखा था और उसकी तलाश कई मामलों में की जा रही थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद पलवल एसटीएफ की टीम ने कुल्लू पहुंचकर जाल बिछाया और आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही विभिन्न एजेंसियां भी सतर्क हो गईं।

 

यह भी पढ़ें : लूट लो-लूट लो!... हिमाचल के ट्रक में भरी शराब लूटने को मची होड़, बच्चे-महिलाएं भी पेटियां लेकर भागे; VIDEO

अंकित धमाका गैंग का सदस्य

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी हरकेश उर्फ टिंकू कुख्यात अंकित धमाका गिरोह का सक्रिय सदस्य है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह लंबे समय से अपराध जगत से जुड़ा हुआ है और कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर कानून की पकड़ से बचने की कोशिश कर रहा था और इसी दौरान उसने हिमाचल को अपना ठिकाना बना लिया।

हथियारों का जखीरा भी बरामद

गिरफ्तारी के बाद अदालत से पुलिस रिमांड मिलने पर एसटीएफ ने आरोपी से गहन पूछताछ की। इस दौरान उसके कब्जे से दो अवैध पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। हथियारों की बरामदगी के बाद जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि आरोपी इन हथियारों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से करने वाला था और क्या वह किसी नई आपराधिक वारदात की तैयारी में था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के टैक्सी ड्राइवर की चमकी किस्मत : लॉटरी में जीता 3 करोड़ का इनाम

हत्या से लेकर डकैती तक, लंबी है अपराधों की फेहरिस्त

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हरकेश उर्फ टिंकू के खिलाफ पलवल, फरीदाबाद और गुरुग्राम के विभिन्न थानों में 22 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, झपटमारी, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। बताया जा रहा है कि वर्ष 2012 से लेकर 2025 तक उसके खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज होते रहे हैं, जिसके चलते वह कानून प्रवर्तन एजेंसियों की निगाह में था।

कुल्लू में किसके संरक्षण में छिपा था आरोपी?

अब जांच का सबसे अहम पहलू यह है कि आरोपी हिमाचल प्रदेश में किन लोगों के संपर्क में था और उसे यहां किसका संरक्षण प्राप्त था। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह कुल्लू में कब से रह रहा था और उसके स्थानीय स्तर पर कौन-कौन से संपर्क थे। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस मामले से जुड़े कुछ और अहम खुलासे भी हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 10 माह की बच्ची का लीवर ही नहीं, इलाज के लिए चाहिए 50 लाख- करें मदद

हाल के वर्षों में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें दूसरे राज्यों के वांछित अपराधी हिमाचल के विभिन्न जिलों में छिपे पाए गए हैं। शांत वातावरण, पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियां और बाहरी लोगों की आवाजाही का फायदा उठाकर कई अपराधी यहां शरण लेने की कोशिश करते हैं। कुल्लू से हुई इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों के सामने यह चुनौती खड़ी कर दी है कि प्रदेश को अपराधियों की सुरक्षित पनाहगाह बनने से कैसे रोका जाए।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें