#अपराध
June 19, 2026
लूट लो-लूट लो!... हिमाचल के ट्रक में भरी शराब लूटने को मची होड़, बच्चे-महिलाएं भी पेटियां लेकर भागे; VIDEO
सड़क किनारे खड़े ट्रक से शराब पेटियां निकाल कर भागते दिखे लोग
शेयर करें:

शिमला/सीतामढ़ी। बिहार में शराबबंदी कानून लागू है, लेकिन सीतामढ़ी जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां हिमाचल प्रदेश नंबर के एक ट्रक से कथित तौर पर शराब की पेटियां लूटने के लिए ऐसी होड़ मची कि पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं और बच्चे भी पीछे नहीं रहे। सड़क किनारे खड़े ट्रक के आसपास देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई और फिर जो नजारा सामने आया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में लोग ट्रक से शराब के कार्टन निकालकर भागते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यह मामला बिहार के सीतामढ़ी जिले के बोखरा थाना क्षेत्र के बुधनगर पुल के पास का बताया जा रहा है। सड़क किनारे हिमाचल प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर (HP 72 C 1213) नंबर वाला एक संदिग्ध ट्रक खड़ा था। जैसे ही स्थानीय ग्रामीणों को भनक लगी कि इस ट्रक के भीतर भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर के कार्टन छिपे हैं, तो वहां लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। देखते ही देखते ट्रक के चारों तरफ मेला लग गया और लोग गाड़ी के ऊपर चढ़कर शराब के बॉक्स नीचे गिराने लगे। कुछ ही मिनटों में वहां ऐसा माहौल बन गया मानो मुफ्त में सामान बांटा जा रहा हो। लोग पेटियां उठाकर तेजी से मौके से निकलते दिखाई दिए।
हिमाचल नंबर के ट्रक से बिहार के सीतामढ़ी में शराब लूटने की मची होड़, बच्चे-महिलाएं भी नहीं रहीं पीछे pic.twitter.com/Cv2h97Sj74
— Vishal Rana (@VishalR77182544) June 19, 2026
यह भी पढ़ें : हिमाचल के टैक्सी ड्राइवर की चमकी किस्मत : लॉटरी में जीता 3 करोड़ का इनाम
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि शराब की पेटियां ले जाने वालों में सिर्फ पुरुष ही नहीं बल्कि महिलाएं और बच्चे भी शामिल दिखाई दिए। वायरल वीडियो में कई महिलाएं कार्टन उठाकर ले जाती नजर आ रही हैं, जबकि कुछ बच्चे भी शराब की पेटियों को लेकर वहां से भागते दिखाई देते हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस ट्रक से शराब की पेटियां निकाली गईं, वह हिमाचल प्रदेश में पंजीकृत बताया जा रहा है। ट्रक का नंबर HP 72 C 1213 है। ट्रक में विभिन्न ब्रांडों की शराब और बीयर के कार्टन होने की बात कही जा रही है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और उसका अंतिम गंतव्य क्या था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क और ट्रक के मूवमेंट की भी जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिस की गतिविधियां बढ़ते ही भीड़ वहां से तितर-बितर हो गई। इसके बाद अधिकारियों ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अब ट्रक में मौजूद बची हुई शराब की गिनती कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कुल कितनी मात्रा में शराब बरामद हुई और कितनी पेटियां भीड़ अपने साथ ले गई।
बिहार में वर्षों से पूर्ण शराबबंदी लागू है। ऐसे में शराब से भरे ट्रक और फिर उसकी खुलेआम लूट का वीडियो सामने आने के बाद कानून व्यवस्था और अवैध शराब तस्करी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और वीडियो के आधार पर भी कई पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे बिहार में शराबबंदी की जमीनी हकीकत से जोड़कर देख रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।