चंबा। हिमाचल प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में बढ़ती छात्र राजनीति अब चिंता का विषय बनती जा रही है। प्रदेश के कई कॉलेजों में पढ़ाई का माहौल प्रभावित होता नजर आ रहा है, जहां शिक्षा के मंदिर धीरे-धीरे राजनीतिक गतिविधियों और गुटबाजी का अखाड़ा बनते जा रहे हैं। आए दिन छात्र संगठनों के बीच विवाद, झड़प और हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं।

 

जिस उम्र में छात्रों के हाथों में किताबें होनी चाहिए, उसी उम्र में कुछ छात्र कॉलेज परिसरों में लाठी-डंडे लेकर घूमते दिखाई दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला चंबा जिला के पीजी कॉलेज सुल्तानपुर में शनिवार को देखने को मिला, जहां दो छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद अचानक खूनी झड़प में बदल गया।

परिसर में दो संगठनों के बीच मारपीट

जानकारी के अनुसार कॉलेज परिसर में मौजूद छात्रों के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक रूप ले बैठी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ छात्र हाथों में डंडे लेकर परिसर में घूमते नजर आए और दोनों गुट आमने.सामने आ गए। इसके बाद जमकर मारपीट हुई, जिससे कॉलेज में अफरा.तफरी मच गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: दवाई लेने बाजार गई किशोरी नहीं लौटी वापस, परिजनों को सताने लगा अनहोनी का डर

 

इस झड़प में तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। एक छात्र के सिर में गहरी चोट आई और उसे टांके लगाने पड़े, जबकि दूसरे छात्र के दांत टूट गए और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। वहीं तीसरे छात्र की बाजू फ्रैक्चर हो गई, जिसे चिकित्सकों ने ऑपरेशन की सलाह दी है।

दोनों संगठनों ने लगाए एक.दूसरे पर आरोप

घटना के बाद दोनों छात्र संगठनों ने एक.दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाए हैं। एक पक्ष का आरोप है कि लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे छात्रों को निशाना बनाकर कैंपस में घेरकर हमला किया गया। वहीं दूसरे संगठन का दावा है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी गतिविधि कर रहे थे, तभी विरोधी गुट के छात्र हथियारनुमा डंडों के साथ पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: घर नहीं लौटी थी DAV स्कूल की छात्रा, पुलिस ने 4 राज्य में खोजा- MP से बरामद

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम कॉलेज पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। घायलों को तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सड़क हाद.से में बेटे ने तोड़ा दम, बेबस मां को कोर्ट ने दिलाया हक- 15 लाख मिला मुआवजा

शिक्षा संस्थानों का बदलता माहौल बना चिंता

इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि प्रदेश के कॉलेजों में शिक्षा का वातावरण किस दिशा में जा रहा है। अभिभावकों और शिक्षाविदों का मानना है कि लगातार बढ़ रही छात्र गुटबाजी और राजनीतिक टकराव से पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है, जो भविष्य के लिए गंभीर संकेत माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की बात कही जा रही है।

 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें