चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में प्यार भरे के एक रिश्ते का अंत हिंसा में बदला गया। सलूणी क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ परिवार को झकझोर दिया, बल्कि इलाके में भी चिंता का माहौल बना दिया है।
मंगेतर पर चाकू से हमला
यहां एक युवक ने अपनी मंगेतर पर चाकू से हमला कर दिया। युवक ने उसके गले पर चाकू से कई वार किए। बताया जा रहा है कि युवक करीब एक हफ्ते से अपनी मंगेतर के घर ही रह रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में इंसानियत की मिसाल : 74 वर्षीय बुजुर्ग ने किया देहदान, समाज के काम आएगा शरीर
एक-दूसरे को पसंद करते थे दोनों
जानकारी के अनुसार, सलूणी उपमंडल के गांव डभियंड की रहने वाली सीमा देवी और जम्मू-कश्मीर के बणी क्षेत्र के गांव पुखलौता निवासी केवल के बीच कुछ समय पहले फोन पर बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता शादी तक पहुंच गया।
मंगेतर के घर रह रहा था युवक
दोनों परिवारों की सहमति के बाद उनकी सगाई भी कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि सगाई के बाद केवल पिछले करीब एक हफ्ते से अपनी मंगेतर के घर पर रह रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच मतभेद शुरू हो गए, जो धीरे-धीरे तनाव में बदल गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में महंगी हुई शराब : 105 रुपये तक बढ़े दाम, यहां देखें पूरी रेट लिस्ट
लड़की ने शादी से किया इनकार
हालात इतने बिगड़े कि युवती ने शादी करने से इंकार कर दिया। घटना बुधवार की बताई जा रही है। उस समय घर में युवती अकेली थी, जबकि उसके माता-पिता और छोटी बहन किसी काम से बाहर गए हुए थे।
दोनों में हुई तीखी बहस
युवती घर के काम में लगी हुई थी, तभी आरोपी युवक ने एक बार फिर शादी को लेकर बात शुरू की। युवती द्वारा इंकार किए जाने पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर युवक ने चाकू से युवती के गले पर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज रात से बदलेगा मौसम : भारी बारिश का अलर्ट, तेज आंधी-तूफान के साथ गिरेंगे ओले
सनकी ने गले पर चाकू से किया हमला
युवती की चीख-पुकार सुनकर उसके परिजन तुरंत घर पहुंचे। बेटी की हालत देखकर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उसे घायल अवस्था में उठाकर नागरिक अस्पताल सलूणी ले गए- जहां उसका उपचार शुरू किया गया।
पुलिस ने लिया युवती का बयान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सलूणी की टीम मौके पर पहुंची और अस्पताल में घायल युवती व उसके परिजनों के बयान दर्ज किए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि युवती को गंभीर खतरा नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर आगे विशेषज्ञ जांच करवाई जाएगी।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला- 300 यूनिट तक फ्री हुई बिजली, इन परिवारों को मिलेगा लाभ
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की पुष्टि करते हुए SDPO सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
