#यूटिलिटी
April 2, 2026
हिमाचल में आज रात से बदलेगा मौसम : भारी बारिश का अलर्ट, तेज आंधी-तूफान के साथ गिरेंगे ओले
मौसम बदलाव का असर तापमान पर भी साफ नजर आ रहा है।
शेयर करें:

शिमला। मौसम विभाग की ताजा चेतावनी के बाद हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट लेने की पूरी तैयारी कर ली है। प्रदेश में आज रात से एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर 7 अप्रैल तक साफ तौर पर देखने को मिलेगा।
इस सिस्टम के प्रभाव से जहां एक ओर पहाड़ों पर बर्फबारी बढ़ेगी। वहीं निचले और मध्यम इलाकों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और तूफानी हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।
मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है, जिससे फसलों, बागवानी और आम जनजीवन पर असर पड़ सकता है।
इसके अलावा किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर प्रदेश के बाकी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां मौसम का मिजाज खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है।
वहीं, मध्यम ऊंचाई और मैदानी इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। जिससे बिजली आपूर्ति और सड़क यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
आज के दिन की बात करें तो प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है। मगर ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। हालांकि, जैसे-जैसे रात होगी, मौसम तेजी से बदलना शुरू हो जाएगा।
इस मौसम बदलाव का असर तापमान पर भी साफ नजर आ रहा है। पिछले कुछ दिनों की तुलना में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और अगले एक हफ्ते तक ठंड का एहसास बना रहेगा। इससे जहां लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी, वहीं किसानों और बागवानों के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।
दिलचस्प बात यह है कि जहां फिलहाल ठंड और बारिश का दौर रहने वाला है, वहीं मौसम विभाग ने अप्रैल से जून के बीच सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने का अनुमान भी जताया है। इस दौरान हीटवेव के मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है। साथ ही अप्रैल महीने में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।