#अपराध
September 26, 2026
हिमाचल: युवक से फोन पर बात करती थी युवती, परिवार ने छीन लिया मोबाइल; बंद कमरे में मिली बेटी की देह
पिता ने कमरे में झांक कर देखा तो उड़ गए होश
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक दुखद मामला सामने आया है। सलूणी उपमंडल के भेलू गांव में एक युवती ने घर के अंदर अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता उस समय चला, जब रात को युवती के पिता कमरे के बाहर से गुजर रहे थे और उन्होंने खिड़की से अंदर देखा। बेटी को इस हालत में देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे रिया ने खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में चली गई। रात करीब 11 बजे उसके पिता राजिंद्र कुमार कमरे के बाहर से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खिड़की से कमरे के अंदर देखा तो बेटी फंदे से लटकी हुई थी। यह दृश्य देखकर उन्होंने तुरंत अपने बेटे करण कुमार को बुलाया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: घास काटने वाली मशीन से लगा विवाहिता को करंट, थम गईं सांसें; परिवार में पसरा मातम
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दोनों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और युवती को नीचे उतारा। इसके बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सलूणी लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान रिया निवासी भेलू गांव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में परिवार की ओर से एक अहम बात सामने आई है। मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि रिया एक युवक से फोन पर बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर परिवार ने कुछ दिन पहले उससे सख्ती से बात की थी और उसका मोबाइल फोन अपने पास रख लिया था। परिजनों के अनुसार उन्होंने बेटी को समझाया भी था।
यह भी पढ़ें : 'हम जुबान नहीं चलाते... काम करते हैं', अनुराग ठाकुर ने सीएम सुक्खू और रजनी पाटिल को जमकर लताड़ा
रिया ने दोबारा उस युवक से बातचीत नहीं करने का भरोसा दिया था। इसके बाद 25 सितंबर को परिवार ने उसका फोन वापस कर दिया था। हालांकि, युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था और फोन पर बातचीत से इसका कोई संबंध था या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
घटना के बाद परिजन रिया को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सलूणी पुलिस चौकी की टीम अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सीजन की पहली बर्फबारी, किन्नौर में बिछी सफेद चादर; 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : दिवाली से पहले कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा तोहफा, सीएम सुक्खू ने कर दिया DA देने का ऐलान, जाने क्या कहा
रिया की अचानक मौत से भेलू गांव में भी शोक का माहौल है। जिस घर में शुक्रवार शाम तक सामान्य माहौल था, वहीं रात होते-होते मातम पसर गया। परिवार के लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और युवती के इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह सामने आना बाकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।