धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसे लगातार लोगों की जिंदगियां छीन रहे हैं। कभी वाहन चालकों की लापरवाही तो कभी सड़कों पर घूमते बेसहारा पशु इन हादसों का कारण बन रहे हैं। ताजा मामला हिमाचल के कांगड़ा जिला से सामने आया है। यहां एक बाइक के स्किड होने से एक महिला की मौत हो गई। महिला अपने दामाद के साथ बाइक पर कहीं जा रही थी। इसी दौरान बीच रास्ते में यह हादसा हो गया। यह हादसा भी सड़क पर आए बेसहारा पशुओं के चलते हुआ। 

दामाद के साथ सास का आखिरी सफर

जानकारी के अनुसार 56 वर्षीय तारा देवी अपने दामाद के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं जा रही थीं। दोनों धर्मशाला के साथ लगते योल क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। रास्ते में सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में रोचक हुआ चुनाव : एक ही घर से दो दावेदार, पति-पत्नी मैदान में उतरे...कौन जीतेगा?

अचानक सामने आए बेसहारा पशु, बिगड़ा संतुलन

बताया जा रहा है कि जब उनकी बाइक तपोवन के पास पहुंची तभी अचानक सड़क पर बेसहारा पशु आ गए। बाइक चला रहे दामाद ने पशुओं को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर फिसल गई। दोनों जोरदार तरीके से सड़क पर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को धर्मशाला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि तारा देवी के सिर में गंभीर चोट लगी है, जिसके चलते उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी।

यह भी पढ़ें : HRTC बस में 13 साल के लड़के से मिला 80 लाख का चिट्टा : अमृतसर से रिश्तेदार ने दिया था बैग

महिला ने अस्पताल में तोड़ा दम

महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने महिला को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने महिला को बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस खबर के बाद परिवार में मातम पसर गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह सड़क पर अचानक आए बेसहारा पशु माने जा रहे हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। 

 

यह भी पढ़ें : स्कूल की हालत देख 'मिसेज CM' को आया गुस्सा, स्टाफ को लगाई फटकार; 'क्लास फेलो' को भी नहीं बख्शा

बेसहारा पशु बनते जा रहे खतरा

हिमाचल प्रदेश में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशु अब एक गंभीर समस्या बन चुके हैं। ये न सिर्फ यातायात बाधित करते हैं, बल्कि कई बार जानलेवा हादसों का कारण भी बन जाते हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें