मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में उस समय अफरा.तफरी मच गई, जब आधी रात एक तीन मंजिला भवन में अचानक भयंकर आग भड़क उठी। आग की लपटों और धुएं के बीच चैन की नींद सो रहा एक परिवार अपनी मासूम बच्ची सहित फंस गया और चारों ओर चीख.पुकार गूंजने लगी।

रात के सन्नाटे में उठीं आग की लपटें

दरअसल छोटी काशी मंडी के जेलरोड क्षेत्र में स्थित एक भवन में रात करीब एक बजे अचानक आग भड़क उठी। मांडव अस्पताल के समीप बने इस तीन मंजिला भवन की दूसरी मंजिल से उठती आग की तेज लपटों और धुएं के गुबार ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और हर तरफ हड़कंप मच गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस का बिगड़ेगा गणित: 71 ब्लॉक अध्यक्षों में मुस्लिम समाज 'जीरो', सोसायटी ने दी चेतावनी

लपटों में घिरा परिवार, मच गई चीख-पुकार

घटना के वक्त दूसरी मंजिल पर एक किरायेदार दंपती अपनी नन्हीं बच्ची के साथ गहरी नींद में सो रहा था। अचानक कमरे में धुआं भर गया और आग की लपटें फैलने लगीं। खुद को घिरा देख परिवार घबरा गया और मदद के लिए चीखने लगा। स्थिति बेहद भयावह थी, क्योंकि आग तेजी से फैल रही थी और बाहर निकलने का रास्ता धुएं से भर चुका था।

दमकल टीम के लिए बना चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। लेकिन भवन तक पहुंचना आसान नहीं था, क्योंकि सड़क नीचे थी और आग दूसरी मंजिल पर भड़क रही थी। इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी और पास के एक शटर का ताला काटकर भीतर प्रवेश किया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: नई नवेली दुल्हन ने लाल जोड़े में फौजी पति को दी अंतिम विदाई, 3 माह पहले हुई थी शादी

खिड़की तोड़कर बचाई तीन जिंदगियां

जैसे ही उन्हें पता चला कि अंदर एक परिवार फंसा है, उन्होंने बिना देर किए कमरे की खिड़की तोड़ी और अंदर पहुंचकर दंपती और उनकी मासूम बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस साहसिक रेस्क्यू ने तीन जिंदगियों को बचा लिया और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

बड़ा धमाका टला,लाखों की संपत्ति बची

दमकल कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए नीचे रखे रसोई गैस सिलेंडरों को भी समय रहते बाहर निकाल लिया। अगर इनमें विस्फोट हो जाता तो नुकसान और भी भयावह हो सकता था। विभाग की तत्परता से करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति को बचा लिया गया, हालांकि आग में लगभग दो लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पुल के नीचे पड़ा मिला 28 वर्षीय युवक, झुलसा हुआ था आधा शरीर, हा.दसा या साजिश.....

कारणों की जांच जारी

दमकल अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि आग कैसे भड़की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस भी आग लगने के कारणों की जांच में जुट गई है। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और साहसिक प्रयास किस तरह बड़ी त्रासदी को टाल सकते हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें