#अपराध
April 20, 2026
हिमाचल: पुल के नीचे पड़ा मिला 28 वर्षीय युवक, झुलसा हुआ था आधा शरीर, हा.दसा या साजिश.....
युवक की हालत नाजुक
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पुल के नीचे 28 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बुरी तरह झुलसी हालत में मिला है। युवक का शरीर आग से गंभीर रूप से जला हुआ था, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कुल्लू के कीरतपुर-मनाली हाईवे पर स्थित जिया पुल का है। यहां पर आज सोमवार को कुछ स्थानीय लोग जब जिया पुल के नीचे से गुजर रहे थे, तो उन्होंने देखा कि एक युवक जमीन पर पड़ा हुआ है और उसका शरीर बुरी तरह जला हुआ है।
यह नजारा इतना भयावह था कि लोग तुरंत घबरा गए और बिना देर किए पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक की पहचान खुशी राम (28) के रूप में हुई है, जो गड़सा (ठेला), जिला कुल्लू का रहने वाला है।
डॉक्टरों के अनुसार युवक का करीब 30 प्रतिशत से ज्यादा शरीर झुलस चुका है, जिसमें उसका ऊपरी हिस्सा सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पहले उसे स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
इस पूरे मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर युवक आग की चपेट में कैसे आया। क्या यह एक साधारण हादसा है, या युवक ने खुद आग लगाई, या फिर इसके पीछे कोई साजिश छिपी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास के इलाके की जांच जारी कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं और लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। कुल्लू के SP मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। कोई इसे हादसा मान रहा है, तो कोई इसे किसी बड़ी साजिश से जोड़कर देख रहा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी ने इस घटना से जुड़ी कोई भी संदिग्ध गतिविधि देखी हो या किसी तरह की जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इससे मामले की सच्चाई तक पहुंचने में मदद मिलेगी और दोषियों को पकड़ना आसान होगा।