चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा स्थित सलूणी उपमंडल से एक दुखद खबर सामने आई है। वीरवार शाम भेड़-बकरियां चराकर घर लौट रही युवती की तलाश आखिरकार खत्म हो गई। युवती का शव जलाड़ी के समीप सियूल नदी से बरामद हुआ है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतका की पहचान सलूणी उपमंडल की संघणी पंचायत के प्रेढ़ गांव निवासी शबनम पुत्री गुलाम नबी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शबनम गुरुवार देर शाम जंगल से भेड़-बकरियां चराकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नाले में गिर गई। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह देखते ही देखते बह गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : चलती कार पर दरकी पहाड़ी, बैलेंस खोकर खाई में गिरी- डॉक्टर और पत्नी ने तोड़ा दम
पूरी रात चलता रहा तलाश अभियान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने देर रात तक संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव राहत कार्य में बड़ी बाधा बने रहे। काफी तलाश के बावजूद रात तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
सुबह सियूल नदी से मिला शव
शुक्रवार सुबह फिर से तलाश अभियान शुरू किया गया। इस दौरान जलाड़ी के समीप सियूल नदी में शबनम का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में 10 वर्षीय अवनी की मौ**त : खाना खाने के बाद सोने गई थी, सदमे में माता-पिता
पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल
भांदल पंचायत के प्रधान सुरेश कुमार ने शव बरामद होने की पुष्टि की है। शबनम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते हादसों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
