#हादसा
July 31, 2026
हिमाचल : चलती कार पर दरकी पहाड़ी, बैलेंस खोकर खाई में गिरी- डॉक्टर और पत्नी ने तोड़ा दम
कार में दंपति की बेटी भी सवार थी- जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार यानी आज कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। राणाबाग-देवरी सड़क पर अचानक पहाड़ी से भारी चट्टानें गिरने लगीं। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार इसकी चपेट में आ गई और गहरी खाई में जा समाई।
बता दें कि हादसे में एक डॉक्टर और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे आनी तहसील के राणाबाग–देवरी सड़क मार्ग पर हुआ।
पहाड़ी से अचानक बड़े-बड़े पत्थर और बोल्डर गिरने लगे, जिनकी चपेट में शिमला के रामपुर नंबर की एक कार आ गई। चट्टानों की जोरदार टक्कर के बाद कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में तीन लोग सवार थे। हादसे में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ब्रिज ठाकुर और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से बाहर निकालकर उपचार के लिए आनी अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। कुल्लू जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। पुलिस कंट्रोल रूम कुल्लू, पुलिस थाना आनी, तहसीलदार आनी और बीएमओ आनी को भी तत्काल सूचित किया गया।

लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें।