हमीरपुर। एक परफेक्ट सेल्फी की चाहत कई बार जिंदगी पर भारी पड़ जाती है। हिमाचल के हमीरपुर में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां मोबाइल से सेल्फी लेते समय एक युवती का पैर फिसल गया और वह कई फीट नीचे दरिया किनारे झाड़ियों में जा गिरी। राहत की बात रही कि पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बचा ली गई।
सेल्फी लेते अचानक फिसला पैर
सुजानपुर क्षेत्र में सोमवार शाम एक युवती सेल्फी लेते समय हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि सुजानपुर पुल के समीप मोबाइल से फोटो खींचते वक्त अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कई फीट नीचे पहाड़ी से लुढ़कते हुए दरिया किनारे उगी झाड़ियों में जा गिरी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के अस्पतालों में अब लोकेशन ट्रैक कर लगेगी डॉक्टरों की हाजिरी, गायब हुए तो होगा एक्शन
लोगों ने दी पुलिस को सूचना
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। संयोगवश सुजानपुर पुलिस की टीम उसी मार्ग से गुजर रही थी, जिससे जवान बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस और दमकल ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू
पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने सुरक्षा उपकरणों की मदद से कठिन परिस्थितियों में संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। जवान पहाड़ी से नीचे उतरे और झाड़ियों में फंसी युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बेखौफ बदमाश : दिनदहाड़े पि*स्तौल दिखाकर दंपति से लूटा सोना, महिला को किया....
हालत खतरे से बाहर
रेस्क्यू के बाद युवती को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, गिरने से उसे कुछ चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
प्रशासन की अपील
घटना के दौरान पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। एसएचओ प्रकाश ठाकुर ने बताया कि पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से युवती की जान बचाई जा सकी। उन्होंने लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे पुलों, नदी-नालों, पहाड़ी क्षेत्रों और अन्य जोखिम भरे स्थानों पर सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें।
