सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला से एक बेहद दर्दनाक और दिल झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां नोहराधार के देवामानल गांव की खड्ड में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत हो गई।
दो सगे भाइयों की मौत
इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में हर किसी की आंखें नम हैं और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों के माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में हाजिरी घोटालेबाज कर्मी का खुला राज : ज्वाइनिंग के बाद रही गायब, लगती रही अटेंडेंस
खेल रहे थे दोनों भाई
बताया जा रहा है कि देवामानल गांव निवासी 8 वर्षीय आयन और उसका बड़ा भाई 9 वर्षीय अभिनव घर के पास बहने वाली खड्ड के किनारे खेल रहे थे। दोनों भाई रोज की तरह खेलते-खेलते पानी के करीब पहुंच गए। इसी दौरान संकरे और फिसलन भरे रास्ते पर चलते समय छोटे भाई आयन का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरे पानी में जा गिरा।
छोटे भाई को बचाने की कोशिश
छोटे भाई को पानी में डूबता देख बड़े भाई अभिनव ने बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने का प्रयास किया। भाई के प्रति प्रेम और चिंता में वह तुरंत खड्ड में उतर गया, लेकिन पानी काफी गहरा था और बहाव भी तेज बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में 100 और स्कूल होंगे बंद : दूरदराज इलाकों में बढ़ेगी परेशानी, सरकार के फैसले से नाराज
खड्ड में डूबे दोनों भाई
ऐसे में दोनों मासूम खुद को संभाल नहीं सके और देखते ही देखते पानी में डूब गए। घटना का पता चलते ही आसपास के लोग और परिजन मौके की ओर दौड़े। गांव में कुछ ही मिनटों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बच्चों को पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
पिता को तैरती मिली देह
बताया जा रहा है कि जब बच्चों के पिता मौके पर पहुंचे तो दोनों मासूमों के शव पानी में तैर रहे थे। इसके बाद दोनों बच्चों को तुरंत 108 एंबुलेंस के माध्यम से नौहराधार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : आज से शुरू होगा नामांकन, गांवों में बढ़ी हलचल- कई रिश्ते दांव पर
हादसे के बाद पसरा मातम
अस्पताल में यह खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। इस घटना के बाद पूरे देवामानल गांव में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों में शोक की लहर
गांव में हर कोई दोनों भाइयों की आपसी मोहब्बत और मासूमियत को याद कर भावुक हो रहा है। एक भाई को बचाने के प्रयास में दूसरे भाई का भी दुनिया छोड़ जाना लोगों को भीतर तक झकझोर गया है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल की ये पंचायत दूसरी बार चुनी गई निर्विरोध : रिटायर्ड टीचर को बनाया प्रधान
पुलिस जांच में जुटी
उधर, हिमाचल प्रदेश पुलिस की नौहराधार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं प्रशासन की ओर से तहसीलदार नौहराधार ने मौके पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और मृतक बच्चों के परिजनों को फौरी राहत राशि भी प्रदान की।
