चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां दिन भर मेहनत.मजदूरी कर अपने परिवार के लिए दो वक्त की रोटी जुटाने निकले शख्स की दर्दनाक मौत हो गई। यह शख्स जब दिन भर काम कर शाम को घर लौट रहा था, तब किसी ने नहीं सोचा था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। मामला चंबा के सराहण क्षेत्र का है। यहां हुए एक हादसे ने परिवार से उसका कमाऊ सहारा छीन लिया।
पैर फिसलने से खाई में गिरा शख्स
मृतक की पहचान 43 वर्षीय कुलदीप सिंह के रूप में हुई है, जो रोज की तरह दिहाड़ी लगाकर घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि सरड़ा के पास अचानक उसका पांव फिसल गया और वह सीधे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला। उसके साथ काम कर रहे साथी मजदूरों ने तुरंत उसे खाई से निकालकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : गहरी खाई में गिरी कार, मां-बेटी समेत चार लोगों ने मौके पर तोड़ा दम- एक की हालत नाजुक
परिवार कर रहा था घर में इंतजार
इधर, घर पर परिवार के लोग उसके लौटने का इंतजार कर रहे थे। रोज की तरह दरवाजे पर नजरें टिकी थीं कि कब कुलदीप आएगा और घर का चूल्हा जलेगा। लेकिन इस बार दरवाजे पर दस्तक की जगह मौत की खबर पहुंची, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस बेटे के सहारे घर चल रहा था, वही अब हमेशा के लिए खामोश हो गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल SDM ऑफिस के पास कांड : घर में घुसकर बदमाशों ने लगाई आ*ग, अंदर सो रहा था परिवार
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व चश्मदीदों के बयान दर्ज किए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में रोजाना जोखिम उठाकर काम करने वाले मजदूरों की जिंदगी की कठोर सच्चाई को सामने लाता है जहां हर दिन घर से निकलना ही एक जोखिम भरा सफर होता है, और कई बार यह सफर कभी खत्म नहीं होता।
