ऊना। हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर आए दिन हो रहे सड़क हादसे लोगों की जिंदगी छीन रहे हैं। इन हादसों में कई घरों के चिराग बुझ रहे हैं तो कई घरों के इकलौते कमाने वालों की जान जा रही है। वाहन चालकों की तेज रफ्तार अब सड़क किनारे पैदल चलने वालों की भी जान लेने लगी है। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के ऊना जिला से सामने आया है। यहां एक तेज वाहन ने एक व्यक्ति को बुरी तरह से कुचल दिया।
कहां हुआ यह दर्दनाक हादसा
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा ऊना जिला के उपमंडल अंब के हीरा नगर क्षेत्र में में बीती देर शाम को हुआ। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक टेंपो ट्रैवलर ने एक बुजुर्ग को बुरी तरह से टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का गजब कमाल : बिना नल कनेक्शन लगाए थमा दिया 8321 रुपये बिल- उठा बवाल
वाहन की टक्कर से दूर जाकर गिरा बुजुर्ग
मृतक व्यक्ति की पहचान 77 वर्षीय हुक्म चंद पुत्र स्वर्गीय दसौंधी राम निवासी गांव सूंही तहसील प्रागपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग हीरा नगर क्षेत्र में विश्वकर्मा ऑटोमोबाइल के पास सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान मुबारिकपुर की ओर से अंब की तरफ जा रही एक टेंपो ट्रैवलर ने बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग दूर जाकर गिरा और बुरी तरह से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : आधी रात को घर में हुआ धमाका, लपटों में फंसी बुजुर्ग महिला- नहीं बच सकी
टक्कर मार मौके से फरार हुआ चालक
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक ने हल्की सी ब्रेक लगाई और उसके बाद तुरंत वह वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत पास के अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सीढ़ियां उतरते गिरे प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष, थमी सांसें- परिजनों ने जताया संदेह
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन चालक की पहचान की जा सके और उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी के पास इस हादसे से संबंधित कोई जानकारी हो तो वह तुरंत इसे पुलिस के साथ शेयर करें, ताकि दोषी चालक को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।
