कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नूरपुर क्षेत्र में खड्ड में नहाने गए साढ़े चार वर्षीय मासूम की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खड्ड में नहा रहा था

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आबिद खान (साढ़े चार वर्ष), पुत्र बिल्ला दीन, निवासी कयारी, ग्राम पंचायत भलून, नूरपुर के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर को वह डेरे के समीप बहने वाली जबर खड्ड में नहा रहा था। इसी दौरान अचानक खड्ड का जलस्तर बढ़ गया और पानी का बहाव तेज हो गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : डाकघर में ग्राहकों के पैसे डकार गया उप-डाकपाल; CBI ने खोली पोल, अब जाएगा जेल

तेज बहाव में बह गया मासूम

अचानक बढ़े पानी के बहाव को मासूम संभाल नहीं पाया और गहरे पानी में डूब गया। इस घटना का पता चलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों में भी अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दी गई।

ग्रामीणों ने खुद शुरू किया तलाश अभियान

सूचना मिलने पर प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए NDRF की टीम को मौके के लिए रवाना किया। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने खड्ड में उतरकर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर मासूम आबिद का शव पानी से बरामद किया गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 21 साल तक पाकिस्तान में की जासूसी, मंगाराम बोले- बुढ़ापे में सरकार ने छोड़ा साथ

प्रशासन ने जताया दुख

उपमंडलीय दंडाधिकारी नूरपुर अरुण शर्मा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवार को नियमानुसार फौरी राहत प्रदान करने के लिए मंगलवार को संबंधित क्षेत्र के पटवारी को मौके पर भेजा जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें