हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का कारण बनते जा रहे हैं। बीते तीन दिनों से प्रदेश की सड़कों पर मानो कहर बरप रहा है। ताजा मामला हमीरपुर जिले के बड़सर-गारली क्षेत्र से सामने आया है- जहां धबड़याणा में एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
गहरी खाई में गिरी सेंट्रो
जानकारी के अनुसार, धबड़याणा के पास एक सेंट्रो कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : गहरी खाई में गिरी कार, मां-बेटी समेत चार लोगों ने मौके पर तोड़ा दम- एक की हालत नाजुक
चीखों से गूंजा इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन ने अचानक संतुलन खोया और सीधे खाई में समा गया, जिसके बाद चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा। इस दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की जान चली गई।
पति-पत्नी की मौत
मृतकों की पहचान पृथ्वी चंद (64) और उनकी पत्नी सरोज कुमारी (59) के रूप में हुई है- जो कि निवासी गांव लपोदू, भोरंज के रहने वाले थे। पृथ्वी चंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि उनकी पत्नी ने अस्पताल में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली।
यह भी पढ़ें- हिमाचल SDM ऑफिस के पास कांड : घर में घुसकर बदमाशों ने लगाई आ*ग, अंदर सो रहा था परिवार
रिश्तेदार के घर जा रहे थे
कार में कुल चार लोग सवार थे, जो एक रिश्तेदार के घर समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में रमेश चंद (74) और संतोष कुमारी (69) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी को खाई से बाहर निकाला।
बहन और जीजा घायल
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- 12th Result : हिमाचल के सिरमौर जिले का दबदबा- सरकारी स्कूल के बच्चों ने किया प्रदेश भर में टॉप
मृतकों के परिवार को फौरी राहत
उधर, प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत प्रदान की है। SDM बड़सर स्वाति डोगरा की ओर से दोनों मृतकों के परिवार को 25-25 हजार रुपये की फौरी सहायता दी गई है, जबकि एक घायल को 5 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गई है।
चार महिला शिक्षकों की मौत
गौरतलब है कि इससे पहले सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र में भी एक दर्दनाक हादसे में महिला अध्यापिका समेत चार लोगों की जान चली गई थी। लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों की सुरक्षा और सावधानीपूर्वक ड्राइविंग की जरूरत को उजागर कर दिया है।
