#उपलब्धि
May 4, 2026
12th Result : हिमाचल के सिरमौर जिले का दबदबा- सरकारी स्कूल के बच्चों ने किया प्रदेश भर में टॉप
निजी स्कूलों के बच्चों को पछाड़ मेरिट में बनाई जगह
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आज सुबह 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार जिला सिरमौर के सरकारी स्कूलों ने शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है।
खास बात यह रही कि दुर्गम क्षेत्रों से जुड़े चार छात्र-छात्राओं ने मेरिट सूची में जगह बनाकर यह साबित कर दिया कि संसाधनों की कमी भी मेहनत के आगे छोटी पड़ जाती है।
जिला सिरमौर से मेरिट में शामिल इन चार छात्रों में तीन छात्राएं और एक छात्र शामिल हैं, जो सभी सरकारी स्कूलों से जुड़े हैं। कला संकाय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगर धरयार की छात्रा आरुषि ने 500 में से 495 अंक हासिल कर 99 प्रतिशत के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौहराधार की समृद्धि ने 489 अंक (97.8 प्रतिशत) लेकर मेरिट सूची में आठवां स्थान हासिल किया।

इसी स्थान पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाना पालर की छात्रा रुचिका ने भी 489 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। दोनों छात्राओं ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।
वहीं, विज्ञान संकाय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिवपुर के छात्र आरव शर्मा ने 500 में से 490 अंक (98 प्रतिशत) हासिल कर पांचवां स्थान प्राप्त किया है।
गौर करने वाली बात यह है कि ये सभी स्कूल दुर्गम क्षेत्रों में स्थित हैं, जहां सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बीच पढ़ाई होती है। इसके बावजूद इन छात्रों की सफलता यह दिखाती है कि लगन और मेहनत के दम पर किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है।
इस बार के परिणामों में जहां एक ओर ग्रामीण और दूरदराज के सरकारी स्कूलों का दबदबा देखने को मिला। वहीं शहरी और निजी स्कूल मेरिट सूची में अपेक्षाकृत पीछे नजर आए। यह बदलाव शिक्षा व्यवस्था में सरकारी स्कूलों की मजबूत होती स्थिति की ओर भी इशारा करता है।