सोलन। आपने अक्सर फिल्मों में गाड़ियों को हवा में उड़ते हुए या पुलों से नीचे खाई में गिरते देखा होगा] लेकिन हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में मंगलवार दोपहर कुछ ऐसा ही वास्तविक हादसा सामने आया] जिसने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पर सोलन बायपास स्थित सब्जी मंडी के समीप एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से उछलकर सीधे पुल के नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हैरान करने वाली बात यह रही कि हादसे के समय कार में सवार युवक और युवती की जान बच गई। दोनों घायल हुए हैं, लेकिन गनीमत यह रही कि कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।

सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर

घटना का पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक तेज रफ्तार कार मोड़ पर पहुंचते ही अचानक अनियंत्रित हो गई और उसके बाद वाहन सड़क किनारे सुरक्षा अवरोधों को पार करते हुए हवा में उछलता है और पुल के नीचे जा गिरता है। इस खौफनाक दृश्य को जिसने भी देखा, वह कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गया। सोशल मीडिया पर भी घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: नशेड़ी पति-पत्नी का बीच सड़क हाई वोल्टेज ड्रामा; आपस में ही भिड़ गए दोनों; चला दिया चा*कू

 

शिमला से चंडीगढ़ जा रही थी कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार शिमला से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 12 बजे सोलन बायपास पर पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। तेज रफ्तार के कारण कार सीधे पुल से नीचे खाई की ओर चली गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा कुछ सेकंड का था, लेकिन उसका दृश्य बेहद भयावह था।

पेड़ बना फरिश्ता, टल गया बड़ा हादसा

स्थानीय लोगों के मुताबिक खाई में गिरने से पहले कार एक पेड़ से टकराई। इस टक्कर से वाहन की रफ्तार काफी हद तक कम हो गई, जिससे कार में सवार लोगों की जान बच गई। लोगों का कहना है कि यदि कार पेड़ से नहीं टकराती तो वह नीचे मौजूद रिहायशी क्षेत्र तक पहुंच सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। जिस स्थान पर कार गिरी, वहां अक्सर बच्चे खेलते रहते हैं। सौभाग्य से घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला : अगले महीने पेंशनरों को देंगे एरियर की सौगात, लंबे समय से था इंतजार

धमाके की आवाज सुनकर दौड़े लोग

हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों ने तेज धमाके जैसी आवाज सुनी। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि वह अपने कमरे में आराम कर रहा था, तभी जोरदार आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो कार पुल से नीचे गिर चुकी थी। घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

स्थानीय लोगों ने बचाई दोनों की जान

कार के खाई में गिरते ही स्थानीय लोग बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे। लोगों ने कार में फंसे युवक और युवती को बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता प्रदान की। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल भी घटनास्थल पर पहुंच गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। 

यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर का प्रहार : हार से घबराए CM सुक्खू, अनाप-शनाप बयानबाजी पर उतरे

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य कारण से हुआ। सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है, ताकि दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने लाई जा सके।

कुछ सेकंड की चूक, बड़ा हादसा टला

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरों की याद दिलाता है। कुछ सेकंड की चूक ने युवक और युवती को मौत के मुंह तक पहुंचा दिया, लेकिन किस्मत और एक पेड़ की मौजूदगी ने उनकी जान बचा ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में इसी हादसे की चर्चा बनी हुई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।